द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के तीन सीटों पर प्रत्याशियों ने जीत की हैट्रिक लगाई है। ये तीनों प्रत्याशी भाजपा के विष्णु दयाल राम, विद्युत वरण महतो और झामुमो प्रत्याशी विजय हांसदा हैं। तीनों ही प्रत्याशियों ने अपने प्रतिद्वंदियों को बड़े वोटों के अंतर से हराया है।

पलामू से वीडी राम बने तीसरी बार सांसद
झारखंड के पूर्व डीजीपी विष्णु दयाल राम को भाजपा ने तीसरी बार पलामू सीट से अपना उम्मीदवार घोषित किया था। हालांकि, उन्हें टिकट मिलने से लोगों में थोड़ी नाराजगी भी थी। इसके बाद भी लोगों ने उनको खूब वोट किया। वह 288622 वोटों के बड़ें अंतर से जीते हैं। वे पलामू लोकसभा सीट से 2014, 2019 के बाद अब 2024 में लगातार तीसरी बार सांसद बने।

विद्युत वरण महतों भी तीन बार जीते
जमशेदपुर से भाजपा प्रत्याशी विद्युत वरण महतो ने भी जीत की हैट्रिक लगाई है। उन्होंने झामुमो प्रत्याशी समीर मोहंती को 2,59,782 वोटों के बड़े अंतर से हराया। विद्युत वरण महतो को 7,26,174 वोट मिले। भाजपा ने जिस उद्देश्य के साथ विद्युत वरण महतो को तीसरी बार चुनावी मैदान में उतारा था, उन्होंने उसे पूरा किया। वह 2014, 2019 के बाद अब 2024 में लगातार तीसरी बार सांसद बने।

विजय हासंदा भी लगातार तीसरी बार बने सांसद
राजमहल के सांसद विजय हासंदा भी लगातार तीसरी बार सांसद बने। उन्होंने भाजपा के ताला मरांडी को करारी शिकस्त दी। वे 2014 के मोदी लहर में भी सांसद बने थे। इसके बाद 2019 के चुनाव में भी उन्होंने जीत दर्ज की। अब 2024 के लोकसभा चुनाव जीतकर उन्होंने जीत की हैट्रिक लगाई है।