द फॉलोअप डेस्क
लोहरदगा जिले के पेशरार थाना क्षेत्र अंतर्गत केकरांग बर टोली गांव में डायन बिसाही के आरोप में पति पत्नी और 9 साल के बच्चे समेत तीन लोगों की निर्मम हत्या कर दी गई। बीते रात हत्यारों ने कुदाल से तीनों पर वार कर इस घटना को अंजाम दिया है। मृतक की पहचान 47 वर्षीय लक्षण नगेसिया, उसकी पत्नी 45 वर्षीय बीफनी नगेसिया और 9 वर्षीय पुत्र रामविलास नगेसिया के रूप में हुई है। 
मामले को गंभीरता से लेकर मौके पर एसडीपीओ वेदांत शंकर पहुंचे और जांच पड़ताल में जुट गए हैं। हालांकि फ़िलहाल हत्यारे पुलिस के पकड़ से बाहर है। धर-पकड़ के लिए पुलिस जुटी हुई है।
वहीं मामले को लेकर मृतक की बहु सुखमनिया नगेशिया ने बताया कि "गांव के ही लोगों द्वारा डायन बिसाही का आरोप लगाकर प्रताड़ित किया जा रहा था, इसे लेकर पहले पंचायत भी लगाई गई थी। जिसके बाद कल रात में मेरे सास ससुर और छोटे देवर सोए हुए थे इसी दौरान गांव के ही लोगों द्वारा कुल्हाड़ी से गला पर वार कर मारा गया और हमको बाहर से बंद कर दिया गया।"
पूरे मामले को लेकर मौके पर पहुंचे किस्को एसडीपीओ वेदांत शंकर ने बताया कि इस घटना में तीन लोगों की हत्या हुई है जिसमें माता- पिता और एक 9 वर्ष का बच्चा शामिल है। पुलिस मामले को लेकर जांच में जुटी हुई है और हत्या क्यों की गई इसकी जांच की जा रही है।.jpeg)
हत्यारों के गिरफ्तारी के लिए भी छापेमारी की जा रही है जल्द ही हत्या के कारणों का खुलासा किया जाएगा। फिलहाल पुलिस डायन बिसाही में की गई हत्या के मामले में कहा की मामले की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो पाएगी।