logo

सर्कस देखकर लौट रहे 3 युवकों को आर्टिगा कार ने मारी टक्कर, मौके पर दर्दनाक मौत

सर्कस देखकर लौट रहे 3 युवकों को आर्टिगा कार ने मारी टक्कर, मौके पर दर्दनाक मौत

द फॉलोअप डेस्क, रांचीः
सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के तीन युवकों की सोमवार देर रात भीषण सड़क हादसे में मौत हो गई। मृतकों की पहचान जुगिलांग गांव निवासी शिवम गोप, लुकास गोप और सपन गोप के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, तीनों युवक पुरुलिया जिले के बलरामपुर स्थित छाता मेला में पनामा सर्कस देखने गए थे। सर्कस देखने के बाद तीनों बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर मालती चेकपोस्ट के समीप यह दर्दनाक हादसा हो गया।


तेज रफ्तार अर्टिगा ने बाइक को मारी जोरदार टक्कर
बताया गया कि तीनों युवक बाइक से लौट रहे थे, तभी जमशेदपुर की ओर से पश्चिम बंगाल की तरफ जा रही तेज रफ्तार अर्टिगा कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बाइक सवार तीनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसे में शिवम गोप और लुकास गोप की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं सपन गोप गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई।


अस्पताल में इलाज के दौरान तीसरे युवक ने भी दम तोड़ा
घटना के बाद गंभीर रूप से घायल सपन गोप को तत्काल पुरुलिया सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसका इलाज शुरू किया। हालांकि, इलाज के दौरान सपन गोप ने भी दम तोड़ दिया। इस तरह हादसे में जुगिलांग गांव के तीन युवकों की मौत हो गई। घटना के बाद गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। यह हादसा चांडिल-पुरुलिया एनएच-32 से जुड़े पुरुलिया-बोकारो मार्ग पर हुआ।

Tags - Neemdih Road Accident Saraikela Kharsawan Accident Purulia Road Accident Three Youths Killed