रांची :
आरपीएन सिंह के पार्टी छोड़ने के बाद से झारखंड की राजनीती में हलचल है। कांग्रेस तेजी से एक के बाद एक निर्णय ले रहा है। पहले तो सक्रियता दिखाते हुए अविनाश पांडेय को प्रभारी बनाया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर ने दिल्ली जाकर पार्टी के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी से मुलाकात की। इसके बाद प्रभारी अविनाश पांडेय व सह प्रभारी उमंग सिंघार ने तीन दिनों तक रांची में रहे, कांग्रेस कार्यकर्ताओं की बात सुनी। इसके बाद 17 सदस्यीय समन्वय समिति बना कर यह संकेत देने का काम किया है कि फिलहाल, पार्टी में किसी प्रकार का कोई बदलाव नहीं होगा।

कल होने वाली है बैठक
आठ फरवरी को दिल्ली में बैठक बुलायी गयी है। इसमें अविनाश पांडेय के नेतृत्व में सभी 18 विधायक राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे। दरअसल, कांग्रेस नेताओं का कहना है कि आरपीएन सिंह के रहते वह राहुल गांधी तक पहुंच नहीं पाते थे। इससे विधायक अपनी नाराजगी को राहुल को नहीं बता पाते थे। आज सभी विधायक दिल्ली पहुंचेंगे। आठ को राहुल गांधी से मुलाकात करेंगे.

वन-टू-वन होगी बात
बताया जा रहा है कि झारखंड कांग्रेस के विधायक राहुल गांधी से वन-टू-वन बात कर सकते हैं। सभी विधायक अपने मनोदशा को भी राहुल गांधी के समक्ष रखेंगे। कई विधायक सरकार की कार्यशैली से नाराज भी होते रहे हैं। वन-टू-वन बातचीत में सभी विधायक राहुल गांधी को गठबंधन सरकार की राजनीति से अवगत करायेंगे।