द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज शहर में यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित, सुरक्षित एवं पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से जिला परिवहन पदाधिकारी, साहिबगंज द्वारा टोटो, ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों को चालक पहचान पत्र (आई.डी कार्ड) का वितरण किया गया। इस अवसर पर जिला परिवहन पदाधिकारी मिथिलेश कुमार चौधरी ने बताया कि शहर में संचालित सभी ऑटो, टोटो एवं ई-रिक्शा चालकों को निर्धारित ड्रेस कोड के साथ आई.डी कार्ड पहनकर तथा वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ वाहन संचालन करने का निर्देश दिया गया है। इस पहल से आम नागरिकों को सुरक्षित एवं भयमुक्त आवागमन में सुविधा मिलेगी तथा चालकों की पहचान सुनिश्चित होगी।
उन्होंने जानकारी दी कि साहिबगंज नगर क्षेत्र में लगभग 400 ई-रिक्शा चालकों द्वारा नगर पालिका कार्यालय, साहिबगंज में आई.डी कार्ड हेतु आवेदन प्राप्त हुए थे, जिनका आई.डी कार्ड बनकर तैयार हो चुका है। जिन चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस बना हुआ है, उन्हें मौके पर ही आई.डी कार्ड प्रदान कर दिया गया है। वहीं, जिन टोटो, ई-रिक्शा एवं ऑटो चालकों का ड्राइविंग लाइसेंस अभी नहीं बना है, उन्हें लाइसेंस हेतु आवेदन करने के पश्चात जिला परिवहन कार्यालय, साहिबगंज से आई.डी कार्ड निर्गत किया जाएगा।
जिला परिवहन पदाधिकारी ने स्पष्ट किया कि टोटो एवं ई-रिक्शा चालकों के लिए नीले रंग का ड्रेस कोड तथा ऑटो चालकों के लिए खाकी रंग का ड्रेस निर्धारित किया गया है। सभी चालकों को ड्रेस कोड, आई.डी कार्ड एवं वैध ड्राइविंग लाइसेंस के साथ ही वाहन चलाना अनिवार्य होगा। बिना ड्रेस कोड, आई.डी कार्ड अथवा ड्राइविंग लाइसेंस के वाहन चलाते पाए जाने पर संबंधित चालकों के विरुद्ध मोटर वाहन अधिनियम के तहत चालान एवं विधिसम्मत कार्रवाई की जाएगी। इस अवसर पर जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक नीरज कुमार साह एवं आई.टी सहायक राजहंस सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।
