logo

छठ घाट पर दर्दनाक हादसा : एक ही परिवार के 3 लोग डूबे, नाबालिग का शव बरामद, 2 की तलाश जारी 

CHAIBASA.jpg

चांडिल 

लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा के दौरान सोमवार की शाम सरायकेला जिले के चांडिल अनुमंडल स्थित शहरबेड़ा छठ घाट पर हृदयविदारक हादसे में घाट का माहौल मातम में बदल गया। घटना में एक ही परिवार के तीन लोग नदी में डूब गये। इसमें से एक 14 वर्षीय नाबालिग का शव बरामद कर लिया गया है। खबर लिखे जाने तक बाकी दो की तलाश जारी है।

दरअसल, शहरबेड़ा छठ घाट पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब घाट पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ थी। संध्या अर्घ्य के दौरान कई बच्चे नदी में नहा रहे थे, तभी एक नाबालिग नदी के गहरे पानी में डूबने लगा। जिसे देख नाबालिग के परिवार के दो अन्य सदस्य नदी में कूद पड़े और देखते ही देखते वे भी गहरे पानी में खो गये। हादसे के बाद स्थानीय लोगों और गोताखोरों की मदद से तत्काल सभी की खोजबीन शुरू की गयी। जिसके बाद 14 वर्षीय आर्यन यादव का शव बरामद कर लिया गया। जबकि 45 वर्षीय संजय सिंह और 19 वर्षीय प्रतीक कुमार की तलाश देर रात तक जारी थी।

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, घटना के बाद स्थानीय लोगों ने तुरंत शोर मचाकर पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। चांडिल थाना पुलिस और प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंची तथा गोताखोरों की मदद से सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। देर रात तक दो लापता लोगों की खोज जारी थी। दूसरी ओर, सूचना मिलते ही उपायुक्त नितीश कुमार सिंह और पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत भी घटनास्थल पहुंचे। उपायुक्त ने कहा कि घटना स्थल को पहले से ही डेंजर जोन घोषित किया गया था, फिर भी श्रद्धालु बड़ी संख्या में वहां पहुंचे। फिलहाल हमारी प्राथमिकता लापता लोगों की खोज करना है। गोताखोरों की टीम लगातार तलाशी अभियान चला रही है। उन्होंने घटना पर गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए घाटों की सुरक्षा व्यवस्था सख्त करने के निर्देश भी दिये।

इधर, स्थानीय लोगों का कहना है कि शहरबेड़ा घाट पर यह पहला हादसा नहीं है। हर बार सुरक्षा व्यवस्था के वादे किये जाते हैं, लेकिन त्योहार के वक्त भी पर्याप्त तैयारी नहीं होती। इस हादसे ने पूरे क्षेत्र को शोक और आक्रोश से भर दिया है। श्रद्धालु प्रशासन से यह सवाल कर रहे हैं कि आखिर हर साल चेतावनी के बावजूद ऐसे हादसे क्यों दोहराए जाते हैं।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News