द फॉलोअप डेस्क
रांची के रातू इलाके में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें झारखंड पुलिस की महिला कांस्टेबल रंजीता एक्का की मौत हो गई। हादसा हाजी चौक के पास उस समय हुआ जब रंजीता हाईकोर्ट में ड्यूटी के लिए अपने घर से निकली थीं। स्थानीय लोगों के अनुसार, स्कूटी चलाते समय महिला कांस्टेबल का डिसबैलेंस हो गया और वे स्कूटी सहित सड़क पर गिर गईं। इसी दौरान एक अज्ञात वाहन ने उन्हें कुचल दिया। वाहन चालक मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलने पर रातू थाना की टीम ने उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। जानकारी के अनुसार, रंजीता एक्का सिमडेगा जिला बल में कार्यरत थीं और वर्तमान में झारखंड हाईकोर्ट में प्रतिनियुक्ति पर ड्यूटी कर रही थीं। रंजीता का परिवार पहले से ही सदमे में है। उनके पति भी झारखंड पुलिस में थे और उनकी भी मौत एक सड़क हादसे में हुई थी। रांची पुलिस इस मामले में सीसीटीवी फुटेज खंगाल कर आगे की कार्रवाई कर रही है।
