द फॉलोअप डेस्क
तमिलनाडू के कडलूर जिले के चेम्मनकुप्पम इलाके में मंगलवार सुबह एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग पर स्कूल वैन को तेज रफ्तार ट्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे 3 बच्चों की मौके पर ही मौत हो गयी, जबकि 10 बच्चे और वैन चालक गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसा उस समय हुआ जब एक स्कूल वैन रेलवे ट्रैक पार कर रही थी। इसी दौरान चिदंबरम की ओर जा रही एक पैसेंजर ट्रेन ने वैन को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि वैन को लगभग 50 मीटर तक घसीटते हुए ले गयी। मौके पर ही 3 मासूम बच्चों की जान चली गयी। घायल बच्चों को कडलूर के सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां कुछ की हालत नाजुक बनी हुई है।
प्राथमिक जांच में यह सामने आया है कि वैन चालक ने लापरवाही बरती। ट्रेन को आते देख कर भी उसने ट्रैक पार करने की कोशिश की, जिसकी वजह से यह हादसा हुआ। RPF और जिला प्रशासन की टीम जांच में जुट गयी है। हादसे के बाद इलाके में मातम का माहौल है। घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे और घायलों की मदद की। इसके बाद लोगों ने रेलवे और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका कहना है कि बिना फाटक वाले रेलवे क्रॉसिंग बच्चों के लिए खतरा बन चुके हैं और स्कूलों के आसपास ऐसे क्राॉसिंग को बंद या सुरक्षित किया जाना चाहिए।
