logo

मां के अवैध संबंध से परेशान बेटे ने प्रेमी को उतारा मौत के घाट, पहले भी दे चुका था चेतावनी

avidh.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
साहिबगंज जिले के तालझारी थाना क्षेत्र में एक युवक की निर्मम हत्या कर दी गई है। हत्या के पीछे की वजह अवैध संबंध बताई जा रही है। मृतक युवक की पहचान मदन उरांव के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि मदन का एक शादीशुदा महिला के साथ अफेयर चल रहा था। महिला का पति बाहर काम करने गया हुआ है। हत्या का आरोप महिला के बेटे पर ही लगा है। दरअसल महिला के बेटे को उसकी मां के अवैध संबंध के बारे में पता चल गया था। जानकारी के मुताबिक उसने कई बार मां और मदन को चेतावनी दी थी। गांव के प्रधान से कई बार शिकायत भी की थी। लेकिन फिर भी मदन चोरी चुपके आरोपी की मां से मिलने पहुंच जाता था।


ग्रामीणों ने देखा शव 
सोमवार की रात महिला के बेटे ने अपनी मां को प्रेमी के साथ रंगे हाथों पकड़ लिया था। इसके बाद गुस्से में आकर उसने युवक के साथ मारपीट की और लकड़ी काटने वाले हथियार से मदन की हत्या कर दी। युवक ने मदन के हाथ, पीठ और गर्दन पर कई वार किए। जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। तालझारी थाना एएसआई सहित पुलिस बल ने घटनास्थल पहुंचकर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। आज ग्रामीणों ने सबसे पहले मदन की लाश आरोपी के घर में देखी। इसके बाद ग्रामीणों ने ही पुलिस को सूचित किया। थाना प्रभारी प्रमोद कुमार टुडू ने बताया कि शव को कब्जे में ले लिया गया है। आरोपित नाबालिग है। मामले को लेकर उससे पूछताछ की जा रही है।