logo

रांची : पेट्रोलिंग टीम पर हमला करने के दो आरोपी गिरफ्तार, छापेमारी जारी

358.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची पुलिस पर हमला करने वाले दो आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। दरअसल जगरनाथ थाना क्षेत्र में मंगलवार की शाम पेट्रोलिंग पार्टी पर हमला कर दिया गया था। जिसमें दरोगा व एएसआई चोटिल हो गए थे। इसके बाद पुलिस ने कार्रवाई शुरू की। छापेमारी कर हमले के मुख्य आरोपी फिरोज सहित एक अन्य व्यक्ति को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार अन्य आरोपी फरार हैं। जबकि, बाकी आरोपियों को पकड़ने के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है। बताया जा रहा है कि कई आरोपी खूंटी जिला भाग गए हैं। बताते चलें कि हटिया के कचनार टोली में एक परिवार के लोगों ने पुलिस पदाधिकारी पर हमला कर दिया था।

क्या है मामला
01 फरवरी की शाम हटिया के कचनार टोली के समीप रहने वाले एक व्यक्ति ने जगरनाथपुर थाना में शिकायत की थी कि कोर्ट में गवाही देने पर कुछ लोग उनके साथ मारपीट की। गाली-गलौज किया। इस शिकायत के बाद जगरनाथपुर थाना की पेट्रोलिंग टीम कचनार टोली पहुंची थी। जिन लोगों पर मारपीट का आरोप लगा था उनसे पुलिस ने पूछताछ की तो उल्टे पुलिस पर ही हमला कर दिया। जिसके कारण एसआई संजय कुमार और एएसआई ललन कुमार से काफी चोट लगी थी। खून भी बहने लगा था।

पुलिस पर हमले की कई घटनाएं हो चुकी
रांची सहित राज्य के विभिन्न जिलों में पुलिस पर हमले की घटनाएं सामने आईं हैं। बीते दिनों अक्टूबर माह में धुर्वा क्षेत्र में पुलिस पेट्रोलिंग पार्टी पर उपद्रवियों ने हमला कर दिया था। जिसके बाद इस प्रकरण में पांच लोगों पर प्राथमिकी दर्ज हुई थी। इस मामले के बाद बीजेपी नेता बाबूलाल मरंडी ने लचर कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए थे। वहीं, बीते साल ही मांडर में भी भीड़ ने पुलिस पर हमला कर दिया था। इस घटना के बाद 49 लोगों को गिरफ्तार किया गया था। इसके अलावा चतरा जिले में भी पुलिस के साथ मारपीट की घटना सामने आई थी।