logo

साइकिल धोने गये दो मासूम बच्चों की तालाब में डूबने से मौत, एक का शव अब तक नहीं मिला

्ददव.jpg

द फॉलोअप डेस्कः 
रांची के नगड़ी थाना क्षेत्र के होटवासी गांव स्थित तालाब में साइकिल धोने गए दो बच्चों की डूबने से मौत हो गई। दोनों बच्चे दोस्त थे। घटना के बारे में बताया जा रहा है कि दोनों घर से साइकिल लेकर शनिवार को दिन के तीन बजे खेलने के लिए निकले थे। शाम चार बजे के आसपास दोनों घर से थोड़ी दूरी पर स्थित तालाब में साइकिल धोने के लिए गए। इसी क्रम में पैर फिसलने से दोनों गहरे पानी में चले गए और डूब गए। मृतक में प्रीतम सिंह (सात वर्ष) और आलोक प्रमाणिक (8वर्ष) शामिल है। दोनों बच्चे क्लास वन में पढ़ते थे। शाम छह बजे तक जब दोनों बच्चे घर नहीं लौटे तब परिजन उनकी खोजबीन करने लगे। उसी दौरान किसी ग्रामीण की नजर तालाब के किनारे पड़ी साइकिल पर गई। इसके बाद ग्रामीणों ने देखा कि प्रीतम का शव पानी में तैर रहा है। 

यह भी पढ़ेंः- रांची के युवक का शव चाईबासा की नदी में मिला, पांच दिन पहले पिकनिक मनाने खूंटी के पेरवाघाघ फॉल गया था

एक बच्चे के पिता सीआरपीएफ में 
ग्रामीणों ने इसकी जानकारी नगड़ी थाने को दी। सूचना मिलते ही नगड़ी थाने के पुलिसकर्मी वहां पहुंचे और बच्चे के शव को बाहर निकाला। दूसरे बच्चे आलोक का शव तालाब से बाहर नहीं निकाला जा सका है। शाम में अंधेरा होने के कारण शव की खोजबीन नहीं की जा सकी। पुलिस द्वारा एनडीआरएफ को इसकी सूचना भेज दी गई है। आज एनडीआरएफ की टीम शव की तलाश करने में जुट गई है। आलोक के पिता सीताराम प्रमाणिक सीआरपीएफ में है और एक माह पूर्व ही जम्मू कश्मीर में ड्यूटी पर गए हैं। उन्हें भी इसकी सूचना दे दी गई है। गांव में एक साथ दो मासूमों की मौत से शोक का माहौल है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N