द फॉलोअप डेस्क
गिरिडीह जिले के सरिया प्रखंड स्थित चिरुवां गांव में एक दुखद घटना सामने आई है, जहाँ दो छात्राओं की कुएं में डूबने से मौत हो गई। दोनों छात्राएं चचेरी बहनें थीं और उत्क्रमित उच्च विद्यालय कपिलो में नौवीं कक्षा में पढ़ती थीं। मृतकों की पहचान 13 वर्षीय जाहिदा खातून और 14 वर्षीय गुलवसा खातून के रूप में हुई है।
मिली जानकारी के अनुसार, दोनों छात्राएं स्कूल से छुट्टी के बाद घर निकलीं और गांव के खेतों में बने कुएं की ओर चली गईं। काफी देर तक घर नहीं पहुँचने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। काफी खोजबीन के बाद दोनों के शव कुएं में तैरते हुए मिले। घटना की सूचना मिलते ही सरिया पुलिस तुरंत मौके पर पहुँची और ग्रामीणों की मदद से दोनों शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए बगोदर ट्रॉमा सेंटर भेज दिया है। इस घटना के बाद से पूरे गांव में मातम का माहौल है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
इस घटना के बाद गांव में कई तरह की बातें हो रही हैं। कुछ ग्रामीणों का कहना है कि दोनों बहनें कुएं के पास बैठकर बातें कर रही थीं और अचानक फिसलकर गिर गईं। वहीं, कुछ लोगों का मानना है कि दोनों ने खुदकुशी की है। पुलिस ने कहा है कि मामले की जाँच की जा रही है और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत का सही कारण पता चल पाएगा। मृतका जाहिदा के पिता मुंबई में काम करते हैं, जबकि गुलवसा के पिता मौलाना के रूप में काम करते हैं और दूसरे शहर में रहते हैं।