द फॉलोअप डेस्कः
गिरिडीह जिले में एक अनोखी घटना सामने आई है, जहां दो लड़कियों ने आपस में शादी कर ली। यह मामला इलाके में चर्चा का विषय बन गया है। शुक्रवार को दोनों लड़की विवाह रचाने के बाद मुफस्सिल थाना पहुंची और पुलिस से अपनी सुरक्षा की गुहार लगाई। लड़कियों की कहानी सुन पुलिस भी आश्चर्यचकित रह गई।
पांच सालों से दोनों लड़कियों में चल रहा है प्रेम प्रसंग
यह घटना मुफस्सिल थाना क्षेत्र के एक गांव की है। जहां 30 वर्षीय लड़की और 24 वर्षीय लड़की ने एक-दूसरे से शादी कर ली। दोनों का प्रेम प्रसंग लगभग पांच सालों से चल रहा है। दोनों में गहरा प्रेम है। अपने रिश्ते को सामाजिक मान्यता देने के लिए दोनों ने शादी करने का फैसला किया और शुक्रवार को दोनों अपनी मर्जी से गादी श्रीरामपुर स्थित शिव मंदिर में शादी कर ली। शादी करने के बाद दोनों मुफस्सिल थाना आयी। थाना आने के बाद दोनों लड़कियों ने पुलिस को एक आवेदन दिया और एक दूसरे के साथ विवाह करने की बात बतायी। कहा कि वे दोनों एक साथ रहना चाहती हैं लेकिन उन दोनों के घर परिवार वाले लोग जान से मारने की धमकी दे रहे हैं। दोनों ने उचित कार्रवाई करने की मांग की।
एक लड़की ने मांग में भर रखा था सिंदूर
शादी के बाद एक लड़की अपनी मांग में सिंदूर भर रखी थी। वहीं एक लड़की लड़कों जैसा रूप धारण किए हुए थी और पुलिस के समक्ष अपनी बात को काफी तरीके से रख रही थी और खुद को पति के रूप में पेश कर रही थी। दोनों एक साथ रहने की जिद कर रही थी और यह कह रही थी कि अगर उन्हें परिजनों को सौंपा गया तो उन दोनों को अलग कर दिया जायेगा।
कड़ी मशक्कत कर पुलिस ने समझाया
मुफस्सिल पुलिस लड़कियों की कहानी सुनने के बाद दोनों के परिजनों से संपर्क साधा और उन्हें थाना बुलाया। दोनों लड़कियों के परिजन थाना पहुंचे और समझाने की कोशिश की पर वे जिद पर अड़ी रही। कड़ी मशक्कत के बाद मुफस्सिल पुलिस दोनों लड़कियों को समझाने-बुझाने में सफल रही और दोनों को उनके परिजनों को पुलिस ने सुपुर्द कर दिया। दोनों लड़की अपने-अपने परिजनों के साथ चली गई। दोनों लड़की एक ही गांव की रहनेवाली है और एक ही जाति की भी हैं।