रांची
झारखंड सरकार ने मुख्यमंत्री मंईयां सम्मान योजना के तहत लाभुक महिलाओं के लिए बड़ी राहत की घोषणा की है। जिन महिलाओं को 14वीं किस्त का भुगतान नहीं मिल पाया था, उन्हें इस महीने दो किस्तों की राशि एक साथ दी जाएगी। यानी हर लाभार्थी महिला के खाते में कुल ₹5,000 ट्रांसफर किए जाएंगे।
सरकारी सूत्रों के अनुसार, पिछली किस्त से वंचित महिलाओं को अब 14वीं और 15वीं दोनों किस्तें एक साथ मिलेंगी। इससे त्योहारों से पहले उन्हें दोहरी राहत मिलेगी और योजना का पूरा लाभ प्राप्त होगा। वहीं, जिन महिलाओं को पहले ही 14वीं किस्त मिल चुकी है, उनके खातों में इस बार नियमित रूप से 15वीं किस्त के ₹2,500 भेजे जा रहे हैं।

12 जिलों में पहुंची 15वीं किस्त
मंईयां सम्मान योजना की 15वीं किस्त की राशि फिलहाल राज्य के 12 जिलों में भेजी जा चुकी है। इनमें रांची, धनबाद, देवघर, बोकारो, जमशेदपुर, लोहरदगा, गुमला, जामताड़ा, सिमडेगा, चतरा, पाकुड़ और गढ़वा शामिल हैं।
इन जिलों में लाभुकों के आवेदन और दस्तावेजों का सत्यापन पहले ही पूरा हो चुका था, इसलिए इन्हें प्राथमिकता के आधार पर भुगतान किया गया है। शेष जिलों की महिलाओं के खातों में राशि 20 से 25 अक्टूबर के बीच भेजी जाएगी।
सरकार का कहना है कि उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि हर पात्र महिला को उसका हक समय पर मिले, ताकि वे त्योहारों के मौके पर आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर और सशक्त महसूस कर सकें।

इस तरह करें भुगतान स्थिति की जांच
1. मंईयां सम्मान योजना की आधिकारिक वेबसाइट पर जाएं।
2. होमपेज पर “लॉगिन” विकल्प पर क्लिक करें।
3. अपना आवेदन नंबर या आधार नंबर और पासवर्ड दर्ज करें।
4. “आवेदन एवं भुगतान स्थिति” सेक्शन में जाएं।
5. अपना मोबाइल नंबर दर्ज करें और “ओटीपी प्राप्त करें” पर क्लिक करें।
6. ओटीपी डालने के बाद आपकी भुगतान स्थिति और आवेदन से जुड़ी पूरी जानकारी स्क्रीन पर दिखाई देगी।
