logo

मोबाइल बचाने के लिए जिंदगी गंवा दी, डिमना डैम में डूबकर MGM मेडिकल कॉलेज के 2 जूनियर डॉक्टरों की मौत

DIMNA.jpg

जमशेदपुर:

जमशेदपुर के बोड़ाम थाना क्षेत्र अंतर्गत डिमना डैम में शुक्रवार देर रात एमजीएम मेडिकल कॉलेज के 2 जूनियर डॉक्टरों के डूबने की घटना से हड़कंप मच गया है। हादसे में जूनियर डॉक्टर समीर कुमार और सक्षम सिंह के डूबने की सूचना है। पुलिस ने रेस्क्यू टीम की सहायता से दोनों डॉक्टरों का शव बरामद कर लिया है। सक्षम सिंह झारखंड के डालटनगंज के रहने वाले हैं।  सक्षम घर का इकलौता बेटा था, उनकी 2 बड़ी बहनें हैं जिनकी शादी हो चुकी है। बताया जाता है कि सक्षम के कुछ ही देर बात समीर का शव भी ढूंढ़ निकाला गया। 

शुक्रवार रात को 2 बजे हॉस्टल से निकले थे
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शुक्रवार रात करीब 2 बजे एमजीएम मेडिकल कॉलेज के हॉस्टल से 3 जूनियर डॉक्टर निकले थे। इसी दौरान एक डॉक्टर का मोबाइल तालाब में गिर गया। मोबाइल निकालने के लिए पहले एक डॉक्टर पानी में उतरा, लेकिन वह डूबने लगा। उसे बचाने के प्रयास में दूसरा डॉक्टर भी तालाब में कूद गया और दोनों गहरे पानी में चले गये। दोनों को बचाने के लिए उनके साथ मौजूद एक यश नामक जूनियर डॉक्टर ने भी पानी में छलांग लगायी, लेकिन वह उन्हें बचा नहीं सका। चूंकि यश तैरना जानता था, इसलिए वह किसी तरह बाहर निकल आया और घटना की जानकारी अपने साथियों व पुलिस को दी।

बारिश की वजह से बढ़ा है डिमना का जलस्तर
बताया जा रहा है कि बारिश के कारण डिमना डैम का जलस्तर काफी बढ़ गया है। जलस्तर बढ़ने के बाद डैम का एक फाटक भी खोला गया था, जिससे आसपास के तालाबों में पानी का दबाव बढ़ गया है। अधिक पानी और गहराई के कारण गोताखोरों को तलाशी अभियान में परेशानी का सामना करना पड़ा। इधर, घटना के बाद एमजीएम मेडिकल कॉलेज और अस्पताल में शोक का माहौल है। बताया जा रहा है कि इनमें से एक जूनियर डॉक्टर की देर रात अस्पताल में ड्यूटी भी लगी हुई थी। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।


 

Tags - JamshedpurDimna DamJunior Doctor DrownDeathCrime News