जामताड़ा:
जामताड़ा के बिंदापत्थर थानाक्षेत्र में वज्रपात की चपेट में आकर 2 लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि 2 अन्य गंभीर रूप से घायल हैं। यह दर्दनाक हादसा चरकादाहा गांव में उस वक्त हुआ, जब कुछ लोग एक शादी समारोह में शामिल होने आए थे। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय विनय सोरेन और 17 वर्षीय विश्वकर्मा टुडू के रूप में की गई है। वहीं, इस हादसे में शिवधान टुडू और राकेश मुर्मू गंभीर रूप से झुलस गए हैं। जानकारी के अनुसार, ये सभी लोग चरकादाहा गांव में आयोजित एक विवाह उत्सव में हिस्सा लेने पहुंचे थे।
इसी दौरान अचानक मौसम का मिजाज बदल गया और तेज आंधी के साथ मूसलाधार बारिश शुरू हो गई।

मूसलाधार बारिश से बचने का प्रयास बना काल
तेज बारिश और हवाओं से बचने के लिए चारों युवक पास में ही स्थित एक मिट्टी के घर की ओट में छिप गए। वे मौसम साफ होने का इंतजार कर रहे थे कि अचानक एक तेज धमाके के साथ उस घर पर वज्रपात हो गया। आकाशीय बिजली की चपेट में आने से विनय सोरेन और विश्वकर्मा टुडू की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि शिवधान और राकेश बुरी तरह घायल हो गए।

अस्पताल में चल रहा घायलों का इलाज
घटना के तुरंत बाद स्थानीय ग्रामीणों और सूचना पाकर पहुंची पुलिस के सहयोग से चारों को आनन-फानन में जामताड़ा सदर अस्पताल ले जाया गया। वहां डॉक्टरों ने विनय और विश्वकर्मा को मृत घोषित कर दिया। डॉक्टरों की देखरेख में दोनों घायलों का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है, जहां उनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है। इस अचानक हुए हादसे के बाद से शादी वाले घर और मृतकों के परिजनों में कोहराम मच गया है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में शोक की लहर है।