logo

हजारीबाग में वट सावित्री पूजा के दिन मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे 2 झपटमार पकड़े गए, ज्वेलरी बरामद

a1181.jpg

हजारीबाग:

हजारीबाग में वट सावित्री पूजा के मौके पर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर चौकस हजारीबाग पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है। पुलिस ने विनोबा भावे यूनिवर्सिटी के पास से एक दंपति से सोने का मंगलसूत्र छीनकर भाग रहे 2 शातिर अपराधियों को रंगेहाथ धर-दबोचा। पुलिस ने इनके पास से लूटा गया टूटा हुआ सोने जैसा मंगलसूत्र और वारदात में इस्तेमाल की गई स्कूटी भी बरामद कर ली है। घटना शनिवार , 16 मई 2026 की है। 

स्कूटी सवार पति-पत्नी को निशाना बनाया
सीडीपीओ सदर अमित आनंद ने प्रेस वार्ता कर बताया कि एक स्कूटी (नंबर JH-02BT-4669) पर सवार 2 अपराधियों ने यूनिवर्सिटी के पास रास्ते से गुजर रहे एक स्कूटी सवार पति-पत्नी को निशाना बनाया। अपराधियों ने चलती गाड़ी से पीछे बैठी महिला के गले से झपट्टा मारकर मंगलसूत्र छीन लिया और भागने लगे। होली क्रॉस स्कूल के पास मुस्तैद ट्रैफिक पुलिस और स्थानीय आम जनता ने तत्परता दिखाते हुए घेराबंदी की और भाग रहे एक अपराधी को मौके पर ही खदेड़कर पकड़ लिया।

सूचना मिलते ही कोर्रा थाना की गश्ती दल तुरंत मौके पर पहुंची। पकड़े गए आरोपी की पहचान अरबाज खान (पिता- सहजाद खान, निवासी- पगमिल, थाना- लोहसिंगना) के रूप में हुई। तलाशी के दौरान उसके पास से छीना गया मंगलसूत्र बरामद कर लिया गया।

मुख्य आरोपी की निशानदेही पर दूसरा गिरफ्तार
पूछताछ में अरबाज ने कुबूल किया कि वारदात में इस्तेमाल स्कूटी उसके दोस्त अहमद रजा उर्फ आर्यन (निवासी- पेलावल) की है, जो अपने 2-3 दोस्तों के साथ मिलकर चेन छिनतई का गैंग चलाता है। अरबाज की निशानदेही पर पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए घटना में शामिल उसके दूसरे साथी अब्दुल रहमान (उम्र 23 वर्ष, निवासी- फ्रेंड्स कॉलोनी, पगमिल) को उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस फिलहाल गिरोह के अन्य सदस्यों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है।
 

Tags - JharkhandHazaribagh Chain SnatchingChain Snatcher CaughtHazaribagh Police