logo

फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले 2 किशोर दामोदर नदी में डूबे, 1 की मौत; दूसरा लापता

Ramgarh_UUUU.jpg

रामगढ़
रामगढ़ शहर के गढ़बांध स्थित दामोदर नदी में रविवार सुबह नहाने के दौरान हुए एक दर्दनाक हादसे में एक किशोर की मौत हो गई, जबकि दूसरा गहरे पानी में लापता हो गया। इस हादसे के बाद से पूरे इलाके में शोक की लहर दौड़ गई है। लापता किशोर की तलाश के लिए पतरातू से आए गोताखोरों को लगाया गया है।
क्या हुआ था ? 
मिली जानकारी के अनुसार, 14 से 15 वर्ष की आयु के तीन किशोर रविवार सुबह अपने घर से फुटबॉल खेलने की बात कहकर निकले थे। इनमें से दो किशोर किसान नगर के और एक बंगाली टोला का रहने वाला था। तीनों किशोर गढ़बांध के पास दामोदर नदी पहुंचे और नहाने के लिए पानी में उतर गए। इसी दौरान वे अचानक गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बंगाली टोला निवासी आयुष कुमार तिवारी किसी तरह सुरक्षित बाहर निकलने में सफल रहा। उसने तुरंत घर पहुंचकर परिजनों को इस घटना की जानकारी दी।
लापता वैभव की खोज जारी
सूचना मिलने के बाद परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे। किसान नगर निवासी प्रिंस सोनकर को पानी से बाहर निकालकर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। वहीं वैभव नामक किशोर का समाचार लिखे जाने तक कोई पता नहीं चल सका है। पतरातू से पहुंचे गोताखोर उसकी तलाश में जुटे हुए हैं। जानकारी के अनुसार, गढ़बांध क्षेत्र में दामोदर नदी के इस हिस्से में जलापूर्ति के लिए बांध बनाए जाने के कारण पानी काफी गहरा है। घटनास्थल से किशोरों के कपड़े भी बरामद किए गए हैं। इस दर्दनाक घटना के बाद रामगढ़ शहर सहित पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है। स्थानीय लोग प्रशासन से इस क्षेत्र में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग कर रहे हैं।

Tags - Ramgarh DamodarRiver JharkhandNews DrowningIncident LocalNews