logo

U-15 गर्ल्स झारखंड स्टेट कैंप के लिए चुनी गईं 2 आदिवासी बेटियां, भारत के लिए क्रिकेट खेलने का है सपना

U-15 गर्ल्स झारखंड स्टेट कैंप के लिए चुनी गईं 2 आदिवासी बेटियां, भारत के लिए क्रिकेट खेलने का है सपना

नंदलाल तुरी/पाकुड़:

Jharkhand Sports News: युवा खेल प्रतिभायें शहर की मोहताज नहीं रही। छोटे शहरों से भी बड़ा टैलेंट निकलकर सामने आ रहा है। सुखद है कि आदिवासी समुदाय की बेटियां भी क्रिकेट जैसे खेल में अपनी मजबूत मौजूदगी दर्ज करा रही हैं। पाकुड़ (Pakur) 2 आदिवासी लड़कियां अंडर-15 गर्ल्स झारखंड स्टेट कैंप (U-15 Girls Jharkhand State Camp) के लिए चुनी गई हैं। रेबेका मुर्मू (Rebeka Murmu) और सृष्टि हांसदा (Shristi Hansda) बोकारो में आयोजित स्टेट कैंप के लिए  26 नवंबर को पाकुड़ से रवाना होंगी। पाकुड़ के सोनाजोड़ी की रहने वाली रेबेका बैटिंग ऑलराउंडर हैं, जबकि कितझोड़ निवासी सृष्टि हांसदा सलामी बैटर हैं। 

रेबेका और सृष्टि ने बताया कि पाकुड़ जैसे अति-पिछड़े जिले में क्रिकेट खेलना और फिर इतना बड़ा मंच मिलना, किसी ख्वाब सरीखा लगता है। दोनों लड़कियों ने कहा कि मेहनत, समर्पण और लगन ही आपको, आपकी मंजिल तक ले जाती है। रेबेका और सृष्टि एक दिन भारतीय महिला क्रिकेट टीम का हिस्सा बनना चाहती हैं। फिलहाल, बोकारो में स्टेट कैंप में बढ़िया प्रदर्शन करना उनका प्राथमिक लक्ष्य है। 

बेटी के चयन को पिता ने बताया गर्व का पल
अपनी सफलता का श्रेय पिता को देते हुए सृष्टि हांसदा ने कहा कि कोच ने उनमें छिपी प्रतिभा को न केवल ढूंढ़ा बल्कि उसे तराशा भी।  सृष्टि हांसदा के पिता बी हांसदा ने कहा कि अंडर-15 गर्ल्स झारखंड स्टेट कैंप के लिए बिटिया का चुना जाना गर्व की बात है। बी हांसदा चाहते हैं कि उनकी बेटी एक दिन भारतीय टीम के लिए खेले। उन्होंने कहा कि इसी एक सपने के लिए बेटी मेहनत  करती है। 

कैंप के लिए कुल 20 लड़कियों का हुआ चयन
जिला खेलकूद पदाधिकारी ने कहा कि कुल 20 लड़कियों का क्रिकेट में चयन किया गया है, जिसमें से पाकुड़ जिले से 2 लड़कियों का चयन हुआ है। यह पाकुड़ के लिए गर्व की बात है। उन्होंने कहा कि इन लड़कियों से दूसरी लड़कियों को प्रेरणा लेनी चाहिए और मेहनत के जरिए अपने मुकाम तक पहुंचना चाहिए। उन्होंने चयनित खिलाड़ियों के आगे भारतीय टीम में खेलने की भी कामना की।

बैटिंग ऑलराउंडर रेबेका मुर्मू ने कहा कि चयन से काफी खुश हूं। अभी बोकारो जाने की तैयारी में लगी हूं। उन्होंने बताया कि 10 दिवसीय उस कैंप में सीखने को खूब मिलेगा। 

जिला प्रशासन ने खिलाड़ियों को सम्मानित किया
गौरतलब है कि दोनों चयनित खिलाड़ियों को जिला प्रशासन द्वारा सम्मानित किया गया। दोनों बच्चियां कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय की छात्रायें हैं। इन आदिवासी बेटियों का चुना जाना निश्चित रूप से पाकुड़ के लिए गर्व का पल है। साथ ही उन लड़कियों के लिए भी बड़ी प्रेरणा हैं, जिन्हें ऐसा लगता है कि छोटे शहर से बड़े सपने नहीं देखे जा सकते। जिन्हें लगता है कि संसाधनों की कमी उनके ख्वाबों के आड़े आएगी। 
 

Tags - Jharkhand NewsCricketRebeka MurmuShristi HansdaJSCA