logo

रांची : चुट्टूपालू घाटी में फिर हादसा, अनियंत्रित हाइवा ने बाइक सवार को रौंदा, एक की मौत

ramgarh000.jpg

रामगढ़
रांची–पटना राष्ट्रीय राजमार्ग-33 पर रविवार सुबह एक बार फिर चुट्टूपालू घाटी हादसे से दहल उठी। घाटी के नीचे सैनी होटल के पास तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा (यूपी 64 बीटी 6132) ने एक बाइक सवार को रौंद दिया, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। मृतक की पहचान सोसो सिंदवार गांव निवासी बारकेश्वर महतो (40), पिता धनेश्वर महतो के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार, बारकेश्वर महतो सुबह अपनी बाइक (जेएच 24 ए 3202) से रामगढ़ काम पर जा रहे थे, तभी पीछे से आ रहे हाइवा ने उन्हें टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक ने गाड़ी लेकर भागने की कोशिश की, लेकिन इसी दौरान आगे चल रही एक क्रेटा कार (यूपी 32 क्यूजे 8984) को भी टक्कर मार दी।


घटना के बाद स्थानीय लोगों ने हाइवा को रोक लिया और चालक को पकड़ लिया। सूचना मिलने पर रामगढ़ थाना प्रभारी नवीन प्रकाश पांडे अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने वाहन को जब्त कर लिया है और आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है। चुट्टूपालू घाटी में लगातार हो रहे सड़क हादसे एक बार फिर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण को लेकर सवाल खड़े कर रहे हैं।

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News