logo

प्यार, अरेंज मैरिज और अब दुल्हन की रहस्यमयी मौत; दहेज हत्या का आरोप लगाकर परिजनों ने किया हंगामा

a357.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, हजारीबाग:

हजारीबाग के चुरचू प्रखंड अंतर्गत आंगो थानाक्षेत्र के बेडम गांव में एक विवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मृत महिला की पहचान पलमा गांव निवासी चंद्रदेव महतो की बेटी आशा देवी के रूप में की गई है। स्थानीय ग्रामीणों ने आरंभिक जांच के दौरान बताया कि आशा देवी ने शनिवार देर रात जहर खाकर आत्महत्या कर ली लेकिन, मृतका के परिजनों ने ससुराल वालों पर दहेज की खातिर हत्या करने का आरोप लगाया है। आंगो थाना पुलिस ने शव का पंचनामा कर पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत की वजह स्पष्ट हो पाएगी। ससुराल वाले घटना के बाद से ही फरार हैं।

 

2018 में सुरेंद्र से आशा ने किया था प्रेम विवाह
आरंभिक जांच में पता चला है कि मृतका आशा की शादी वर्ष 2018 में बेडम गांव निवासी प्रेमचंद महतो के बेटे सुरेंद्र के साथ हुई थी। परिजनों ने बताया कि आशा और सुरेंद्र एक-दूसरे को पसंद करते थे। बाद में दोनों के परिवारों की रजामंदी के बाद हिंदू रीति-रिवाज के साथ उनकी शादी करा दी गई थी। आशा देवी की मौत को लेकर दो थ्योरी सामने आई है और पुलिस सभी बिंदुओं पर मामले की छानबीन में जुटी है। उक्त घटना को लेकर कुछ लोग दबी जुबान से कह रहे हैं कि कुछ दिनों से आशा, किसी दूसरे युवक से बात करती थी। सुरेंद्र, पत्नी आशा के चरित्र पर संदेह करने लगा था। कहा जा रहा है कि 8 मार्च को सुरेंद्र किसी काम से गढ़वा गया था। वापस लौटने पर उसने पाया कि आशा किसी दूसरे युवक से बात कर रही है। सुरेंद्र ने यह बात अपनी सास को बताई। पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ और आशा ने जहर खाकर आत्महत्या कर ली। 

परिजनों ने दहेज हत्या का आरोप लगाया
दूसरी तरफ, मृतका आशा देवी के परिजनों का कहना है कि उनकी बेटी को ससुराल में दहेज के लिए प्रताड़ित किया जाता था। परिजनों ने आंगों थाना में लिखित शिकायत दर्ज करवाई है। आवेदन में आरोप लगाया कि दहेत की खातिर ससुराल वालों ने उनकी बेटी की जहर देकर हत्या कर दी। पुलिस को अभी पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पुलिस विभिन्न एंगल से मामले की जांच में जुटी है। गौरतलब है कि मृतका के ससुराल वाले फरार हैं। इधर, मायके वालों ने मृतका के ससुराल में खूब तोड़फोड़ किया। 
घटना की जानकारी मिलने के बाद आंगो थाना प्रभारी जानू कुमार दलबल के साथ पहुंचे। वह परिजनों को समझा-बुझाकर शव की अंत्येष्टि कराने का प्रयास कर रहे हैं।