द फॉलोअप डेस्क
पूर्वी सिंहभूम जिले के डुमरिया और मुसाबनी प्रखंडों में 8 और 9 जनवरी 2026 को अमेरिका एवं भारत से आए एक संयुक्त प्रतिनिधिमंडल ने अल्ट्रा पुअर ग्रेजुएशन (UPA) कार्यक्रमों का निरीक्षण किया। प्रतिनिधिमंडल में न्यूयॉर्क स्थित लिवलीहुड इम्पैक्ट फंड की सीनियर एडवाइज़र हाइडी मैकएनैली, द नज इंस्टीट्यूट के सीईओ अतुल सतीजा, सीडीओ देवदास और सीनियर डायरेक्टर जॉन पॉल शामिल थे।
इस दौरे का उद्देश्य अल्ट्रा पुअर ग्रेजुएशन एप्रोच के अंतर्गत संचालित कार्यक्रमों के क्रियान्वयन और उनके जमीनी प्रभाव का प्रत्यक्ष अनुभव लेना था। प्रतिनिधिमंडल ने झारखंड स्टेट लाइवलीहुड प्रमोशन सोसाइटी (JSLPS) द्वारा द नज इंस्टीट्यूट के सहयोग से संचालित UPAJ एवं फूलो-झानो आशीर्वाद अभियान कार्यक्रमों का अवलोकन किया। दौरे के दौरान दल ने अत्यंत कमजोर परिवारों, विशेषकर आदिम जनजातीय समूहों (PVTGs) और सामुदायिक परिवर्तनकर्ताओं के जीवन में आए सकारात्मक और स्थायी बदलावों को देखा। प्रतिनिधिमंडल ने इस पहल की सराहना की और इसकी सफलता को वैश्विक स्तर पर साझा करने की संभावना पर प्रसन्नता व्यक्त की।

9 जनवरी 2026 को प्रतिनिधिमंडल ने जेएसएलपीएस के मुख्य कार्यपालक अधिकारी अनन्य मित्तल के साथ डी-ब्रीफिंग बैठक भी की। हाइडी मैकएनैली ने जेएसएलपीएस द्वारा अपनाई गई नवाचारपूर्ण रणनीतियों की प्रशंसा की और इनके सफल परिणामों के वैश्विक स्तर पर विस्तार की संभावना पर संतोष व्यक्त किया। इस अवसर पर जेएसएलपीएस के सीईओ ने कहा कि UPAJ एवं SAY परियोजनाओं के तहत अपनाई गई साझेदारी आधारित और लक्षित कार्यप्रणालियों के माध्यम से राज्य के PVTG एवं अन्य कमजोर समुदायों के जीवन में महत्वपूर्ण बदलाव संभव हो पाया है। उन्होंने भविष्य में भी इस सहयोग को सुदृढ़ करते हुए कार्यक्रमों के विस्तार की प्रतिबद्धता दोहराई।
