logo

झारखंड को चौथे वंदेभारत ट्रेन की सौगात जल्द, इस रूट पर होगा परिचालन

a831.jpeg

रांची:

झारखंड को बहुत जल्द एक और वंदेभारत एक्सप्रेस ट्रेन की सौगात मिलने वाली है। यह केंद्र सरकार का झारखंड को दिवाली गिफ्ट होगा। जानकारी के मुताबिक रांची-पटना, रांची-हावड़ा, पटना-हावड़ा वाया जसीडीह के बाद अब टाटा-बनारस वंदेभारत ट्रेन की शुरुआत होने जा रही है। टाटा-बनारस वंदेभारत ट्रेन राजधानी रांची से होकर भी गुजरेगी। गौरतलब है कि केंद्रीय रेल मंत्रालय बहुत जल्द देश में 25 और वंदेभारत ट्रेनों का परिचालन शुरू करने जा रहा है जिसमें से एक झारखंड को भी मिलेगा।

 

दिसंबर में शुरू हो सकता है परिचालन
खबरों के मुताबिक नई वंदेभारत ट्रेन का परिचालन नवंबर के आखिर या फिर दिंसबर में शुरू हो सकता है। 8 कोच वाली इस ट्रेन में लंबी दूरी के लिए स्लीपर कोच भी होंगे। 

झारखंड को मिली 3 वंदेभारत ट्रेन
गौरतलब है कि झारखंड को अब तक 3 वंदेभारत ट्रेनें मिल चुकी हैं। 27 मई को रांची से पटना के बीच वंदेभारत ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ। फिर, रांची से हावड़ा के बीच 27 सिंतबर से वंदेभारत ट्रेन का परिचालन शुरू हुआ। एक ट्रेन पटना से हावड़ा के बीच चलती है जो झारखंड के जसीडीह स्टेशन से होकर गुजरती है। अब झारखंड से बनारस जाने वाले यात्रियों को कम समय में सुविधाजनक यात्रा मिलेगी।

देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन है वंदेभारत
बता दें कि अत्याधुनिक सुविधाओं वाली वंदेभारत देश की पहली सेमी हाईस्पीड ट्रेन है। इस ट्रेन में वातानुकूलित चेयरकार हैं। वाई फाई सुविधा से युक्त कोच में आरामदायक यात्रा का पूरा प्रबंध है। बायो-टॉयलेट लगा है। ट्रेन का पायलट रूम किसी हवाई जहाज के कॉकपिट जैसा है। ट्रेन की अधिकतम गति 160 किमी प्रतिघंटा है।