logo

नेतरहाट में माओवादियों ने घंटों मचाया उत्पात, ग्रामीणों को लाठी-डंडे से पीटा, 1 की मौत

maoist.jpg

द फॉलोअप डेस्क
लातेहार में नक्सली हिंसा हुई है। यहां नेतरहाट थाना क्षेत्र के दवना और पुरानाडीह गांव में भाकपा माओवादियों ने जमकर उत्पात मचाया है। इस दौरान माओवादियों ने 5 लोगों की जमकर पिटाई की। वहीं पीट-पीटकर एक को मौत के घाट उतार दिया। मरने वाले का नाम देव कुमार प्रजापति है। घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गई है। पुलिस मामले की छानबीन कर रही है।


2 घंटे तक बेरहमी से पिटाई की 
घटना के बारे में मिली जानकारी के अनुसार देव कुमार प्रजापति को नक्सली पकड़कर गांव की स्कूल के पास लाए और उसके हाथ और पैरों में रस्सी बांधी। उसके बाद 2 घंटे तक उसकी बेरहमी से पिटाई की। पिटाई के कारण देव कुमार प्रजापति की स्थिति गंभीर हो गई। बाद में परिजनों द्वारा काफी मनाने के बाद नक्सलियों ने उन्हें चेतावनी देकर छोड़ दिया। लेकिन घर ले जाने के क्रम में घायल देव कुमार की मौत हो गई। मृतक की पत्नी का कहना है कि देर रात हथियार से लैस नक्सलियों उसके घर पहुंचे थे। जबरदस्ती उसके पति को उठाकर ले गए थे। जब वह लोग उनके पीछे जाने लगे तो आने से मना कर दिया। उन्हें डंडा लेकर भगाने लगे। बाद में पीट कर उसके पति की हत्या कर दी।


2 दिन पहले भी गांव आए थे नक्सली
ग्रामीणों का कहना है कि 2 दिन पहले भी नक्सली गांव में आए थे। इस दौरान वह गांव के कुछ लोगों को ढूंढ रहे थे। लेकिन जब वह नहीं मिले तो वह वापस लौट गए। जिसके बाद बुधवार देर रात नक्सली एक बार फिर गांव में आए और 5 लोगों को पकड़ लिया।


पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंची
नक्सली हिंसा की सूचना मिलने के बाद पुलिस बल घटनास्थल पर पहुंच गई है। महुआडाड़ के एसडीपीओ राजेश कुजूर ने बताया कि पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। नक्सली के खिलाफ पूरे इलाके को सील कर छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है। पुलिस द्वारा ग्रामीण के शव को कब्जे में ले लिया गया है।

हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें: https://chat.whatsapp.com/EUEWO6nPYbgCd9cmfjHjxT