logo

साहिबगंज में ग्रामीणों ने चंदा कर बना डाली 2 KM की सड़क

रेक्सो.jpg

द फॉलोअप डेस्क
साहिबगंज बोरियो प्रखंड के बड़ा रक्सो पंचायत के डिगरा पहाड़ में सरकार व प्रशासन सड़क की समस्या दूर नहीं कर सकी तो मजबूरन ग्रामीणों ने चंदा उठाकर श्रमदान कर कच्ची सड़क बना डाली है। सैकड़ों ग्रामीण बच्चों सहित कुदाल, गैता लेकर जामकुंदर आरईओ रोड से डिगरा रामा टोला तक 2 किलोमीटर लंबी सड़क बनाने में एक सप्ताह से जुटे हैं।
पहले वह सड़क एक पगडंडी भर थी। जिसमें बड़े-बड़े गड्ढे थे। कीचड़ व जलजमाव की स्थिति हमेशा बनी रहती थी। जिससे ग्रामीणों को आने-जाने में काफी मुसीबतों का सामना करना पड़ता था। ग्रामीणों ने पहाड़ से पत्थर मिट्टी लाकर गड्डों में डाल इसे चलने लायक बनाया।
वार्ड सदस्य रॉबेन पहाड़िया, रामा पहाड़िया, राजेश पहाड़िया, मोकरी पहाड़िन, सुरजी पहाड़िन, मैसी पहाड़िन, बुदनी पहाड़िन, और गंगू पहाड़िया ने बताया कि गांव वालों ने चंदा उठा श्रमदान कर इसे बनाने का बीड़ा उठाया। अब सड़क पूरी होने वाली है।
ग्रामीणों ने बताया कि स्थानीय जनप्रतिनिधि एवं ब्लॉक का चक्कर लगाने के बाद जब कोई सुनवाई नहीं हुई तब उन्होंने खुद से सड़क बनाने की ठानी। ग्रामीणों ने सरकार व प्रशासन से जामकुंदर आरईओ रोड से डीगरा रामा टोला तक पक्की सड़क बनवाने की मांग की है।
 

Tags - jharkhand news jhrakhand khabar jharkhand update news sahibganj news sahibganj khabar sahibganj latest news