logo

विष्णुगढ़ हत्याकांड: आरोपी के BJP से जुड़े होने के खुलासे के बाद JMM हमलावर

पासवोवह3.jpg

द फॉलोअप डेस्क
हजारीबाग के विष्णुगढ़ में 12 साल की बच्ची की नृशंस हत्या के मामले में नया मोड़ आने के बाद सियासत तेज हो गई है। मामले के खुलासे में सामने आया है कि बच्ची की हत्या की साजिश में उसकी मां और उसका प्रेमी भीम राम शामिल था, जिसमें भीम राम ने गला दबाकर हत्या की, जबकि मां ने उसका पैर पकड़ा था। यह घटना 24 मार्च को हुई थी। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी भीम राम बीजेपी से जुड़ा हुआ है और पार्टी के कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से भाग लेता था। उसकी कई तस्वीरें बीजेपी नेताओं के साथ भी बताई जा रही हैं। इतना ही नहीं, घटना के बाद वह खुद सामने आकर मीडिया में बयान दे रहा था और दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग कर रहा था।  


मामले के इस खुलासे के बाद झामुमो ने बीजेपी पर तीखा हमला बोला है। पार्टी ने बयान जारी कर आरोप लगाया कि “नवरात्रि के दौरान एक बेटी की वीभत्स हत्या ने मानवता को शर्मसार कर दिया है” और बीजेपी पर गंभीर सवाल खड़े किए। झामुमो ने बीजेपी को “निर्दयी और असंवेदनशील” बताते हुए लगातार सोशल मीडिया पर निशाना साधा है। गौरतलब है कि मामले के खुलासे से पहले बीजेपी राज्य सरकार पर हमलावर थी और कानून-व्यवस्था तथा महिलाओं की सुरक्षा को लेकर सवाल उठा रही थी। लेकिन आरोपी के राजनीतिक जुड़ाव सामने आने के बाद अब राजनीतिक आरोप-प्रत्यारोप का दौर तेज हो गया है।