logo

रांची लोकसभा में 25 मई को वोटिंग, नक्सल प्रभावित इलाकों में रहेगी खास सुरक्षा; SSP ने दिए निर्देश

ेेज2.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची लोकसभा सीट पर 25 मई को मतदान होना है। इसे लेकर पुलिस प्रशासन ने अपने स्तर से तैयारियां शुरू कर दी है। रांची SSP चंदन सिन्हा ने आज जिले के नक्सल प्रभावित क्षेत्रों के थाना प्रभारियों के साथ बैठक की। इस दौरान नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांतिपूर्ण तरीके से चुनाव संपन्न कराने पर चर्चा की गयी। साथ ही पुलिस बल और अर्धसैनिक बल के ठहरने के लिए आवास की व्यवस्था और मूलभूत सुविधा पर विचार विमर्श किया गया। 


कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन करने के लिए किया गया ब्रीफ 
बैठक में एसएसपी ने सभी थाना प्रभारियों को बूथ पर प्रतिनियुक्त पुलिस बल को अपने कर्तव्यों का सही तरीके से निर्वहन करने के लिए ब्रीफ करने, पोलिंग पार्टी और पुलिस बल के डिस्पैच के दिन अपने-अपने क्षेत्राधिकार में पेट्रोलिंग करने, चेक नाका लगाकर पुलिस बल के साथ संपर्क में रहकर गाइड करते हुए ससमय बूथ तक पहुंचाने सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इसके अलावा सेक्टर मजिस्ट्रेट के साथ पुलिस बल की प्रतिनियुक्ति, सेक्टर पुलिस बल के साथ उस सेक्टर के एक बूथ के पुलिस बल, अर्धसैनिक बल के एक सेक्शन को ईवीएम को सुरक्षित बूथ तक पहुंचाने और नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में फोर्स का सुरक्षित मूवमेंट विषयों पर विस्तृत चर्चा हुई।

 
प्रचार में दोनों पार्टियों ने झोंकी जान
बता दें कि रांची लोकसभा सीट से बीजेपी ने एक बार फिर से संजय सेठ पर भरोसा जताया है। वहीं इंडिया गठबंधन ने इस बार सुबोधकांत सहाय की बेटी यशस्विनी सहाय को टिकट दिया है। इस सीट पर प्रचार के लिए लगातार बीजेपी और इंडिया ब्लॉक के स्टार प्रचारक रैली और चुनावी सभा कर रहे हैं। 17 मई को रांची संसदीय सीट पर बीजेपी प्रत्याशी संजय सेठ के लिए गृहमंत्री अमित शाह चुटिया इलाके में रोड शो किया था। आने वाले दिनों में बीजेपी के और भी शीर्ष नेता अपने प्रत्याशियों के लिए रैली, जनसभा या रोड शो कर सकते हैं। गौरतलब है कि रांची संसदीय सीट पर पीएम 3 मई को रोड शो कर चुके हैं। इंडिया ब्लॉक ने भी अपने स्तर से कमर कस ली है। प्रियंका गांधी धनबाद संसदीय सीट पर अनुपमा सिंह के लिए चुनावी सभा और रांची में यशस्विनी सहाय के लिए रोड शो कर सकती हैं। तारीख का ऐलान बाकी है।