द फॉलोअप डेस्क
झारखंड के Electrical Engineering के अभ्यर्थी पिछले 10 सालों से JBVNL यानी (Jharkhand Bijli Vitran Nigam Limited) में भर्ती विज्ञापन का इंतजार कर रहे हैं। JBVNL में भर्ती के लिए विज्ञापन आखिरी बार साल 2014 में प्रकाशित हुआ था, इसके बाद से अब तक कोई नई वैकेंसी घोषित नहीं की गई है। हालांकि, 2014 में प्रकाशित विज्ञापन में पेपर लीक के कारण उसे साल 2016 में फिर से जारी किया गया था, और उस वर्ष परीक्षा भी संपन्न कराई गई थी।
इसके बाद से बिजली विभाग में इंजीनियरों के लिए कोई नई भर्ती नहीं हुई है। इस भर्ती की मांग को लेकर अभ्यर्थी कई बार मुख्यमंत्री आवास, JBVNL के प्रबंध निदेशक और मुख्यमंत्री के आप्त सचिव अविनाश कुमार, साथ ही कई मंत्री और विधायकों से मिलकर अपनी मांगें रख चुके हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाए गए हैं।
लंबे इंतजार और निराशा के चलते, आज राज्य के सभी इंजीनियरिंग अभ्यर्थी सोशल मीडिया प्लेटफार्म X (पूर्व में ट्विटर) पर एकजुट होकर RELEASE_JBVNL_AE_JE_VACANCY के हैशटैग के साथ ट्वीट कर रहे हैं, ताकि सरकार तक अपनी आवाज़ पहुंचा सकें और शीघ्र वैकेंसी की घोषणा हो सके।
