logo

झारखंड में मौसम का बदला मिजाज, 5 अप्रैल तक आंधी, बारिश और वज्रपात का अलर्ट

वोीगेप411.jpg

द फॉलोअप डेस्क
बंगाल की खाड़ी से आ रही नमी और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के प्रभाव से झारखंड का मौसम 5 अप्रैल तक अस्थिर बना रहेगा। मौसम विभाग ने मंगलवार को धनबाद, बोकारो, पाकुड़, दुमका और जामताड़ा जिलों में वज्रपात की आशंका जताते हुए ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। इन क्षेत्रों में 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना व्यक्त की गई है। वहीं रांची, पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, लोहरदगा, हजारीबाग, कोडरमा, रामगढ़ और खूंटी सहित कई जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया गया है। इन इलाकों में मेघ गर्जन, वज्रपात और 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवा चलने की संभावना है।


मौसम विभाग के अनुसार 1 अप्रैल को लगभग सभी जिलों में आंशिक बादल छाए रहेंगे, जबकि दक्षिणी और मध्य हिस्सों में गरज के साथ बारिश हो सकती है। 2 और 3 अप्रैल को भी इन क्षेत्रों में तेज हवा, वज्रपात और हल्की बारिश के आसार बने रहेंगे। 4 और 5 अप्रैल को भी मौसम में बदलाव जारी रहेगा और कहीं-कहीं बारिश हो सकती है। तापमान में भी उतार-चढ़ाव देखने को मिलेगा। 1 अप्रैल से तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आने की संभावना है, जबकि इसके बाद अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान 3 से 4 डिग्री तक बढ़ सकता है। सोमवार को मेदिनीनगर का अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि रांची में यह 34.6 डिग्री रहा।


इधर राजधानी रांची और आसपास के क्षेत्रों में सोमवार सुबह मौसम ने अचानक करवट ली। सुबह करीब 6:45 बजे घना कोहरा छा गया, जिससे दृश्यता घटकर लगभग 150 मीटर रह गई। इसके कारण राहगीरों और वाहन चालकों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ा और दुर्घटना की आशंका बढ़ गई। करीब डेढ़ घंटे तक कई इलाकों में कोहरे और धुंध का असर बना रहा। इस दौरान हल्की बारिश भी हुई, जिससे मौसम में ठंडक महसूस की गई। मौसम के इस लगातार बदलते रुख और बढ़ती गर्मी के बीच बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है, जिसे लेकर सतर्क रहने की जरूरत है।