logo

झारखंड में आज से बदलेगा मौसम: 9 अप्रैल तक आंधी-बारिश, ओलावृष्टि का अलर्ट

वोीगेप39.jpg

द फॉलोअप डेस्क
रांची सहित पूरे झारखंड में शुक्रवार को मौसम ने अचानक करवट ली और अब शनिवार से इसका असर और व्यापक रूप से देखने को मिल रहा है। मौसम विभाग के अनुसार, आज से राज्य के कई हिस्सों में बारिश का दौर शुरू हो गया है, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। राजधानी रांची में शुक्रवार शाम से शुरू हुई बारिश ने मौसम को सुहावना बना दिया। रात तक हुई मूसलाधार बारिश के कारण कई इलाकों में जलजमाव की स्थिति भी उत्पन्न हो गई। मौसम विज्ञान केंद्र के मुताबिक, रांची में करीब 8 मिमी बारिश दर्ज की गई। यह बदलाव बंगाल की खाड़ी में बने निम्न दबाव और साइक्लोनिक सर्कुलेशन के कारण हुआ है।


मौसम विभाग ने स्पष्ट किया है कि शनिवार से अगले पांच दिनों तक राज्य में इसी तरह का मौसम बना रहेगा। इस दौरान कई जिलों में तेज हवा, बारिश और ओलावृष्टि की संभावना जताई गई है। इसे लेकर रांची, गढ़वा, पलामू, चतरा, हजारीबाग, कोडरमा, लातेहार, गिरिडीह, गुमला, लोहरदगा, रामगढ़, बोकारो, धनबाद और खूंटी सहित 14 जिलों में येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार, इस बदलाव का असर तापमान पर भी पड़ेगा और अधिकतम तापमान में करीब 5 डिग्री सेल्सियस तक गिरावट आ सकती है। इससे लोगों को तपती गर्मी से काफी राहत मिलेगी।


मौसम विभाग ने 6 अप्रैल के लिए विशेष चेतावनी जारी करते हुए कई जिलों में भारी बारिश की संभावना जताई है। इस दिन पलामू, गढ़वा, चतरा, लातेहार, रांची, बोकारो, गुमला, हजारीबाग, खूंटी, रामगढ़, लोहरदगा, कोडरमा और धनबाद में ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान 50 से 60 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चल सकती हैं और ओलावृष्टि भी हो सकती है। विभाग ने लोगों से अपील की है कि वे सतर्क रहें और खराब मौसम के दौरान अनावश्यक रूप से घर से बाहर निकलने से बचें। इधर, कोल्हान प्रमंडल के इलाकों में अभी भी गर्मी का असर बना हुआ है। 


शुक्रवार को सरायकेला-खरसावां में राज्य का सबसे अधिक 40.3 डिग्री सेल्सियस तापमान दर्ज किया गया, जबकि चाईबासा और डालटेनगंज में भी पारा 40 डिग्री के आसपास रहा। हालांकि मौसम में आए इस बदलाव से आने वाले दिनों में यहां भी राहत मिलने की संभावना है। मौसम विभाग के अनुसार, 7 से 9 अप्रैल के बीच भी राज्य के विभिन्न हिस्सों में रुक-रुक कर बारिश जारी रह सकती है, जिससे मौसम में उतार-चढ़ाव बना रहेगा।