द फॉलोअप स्पोर्ट्स डेस्क:
भारतीय क्रिकेट टीम रांची में 249 रन बनाकर भी हार गया। वेस्टइंडीज ने इतना बड़ा स्कोर महज 4 विकेट खोकर हासिल कर लिया। कप्तान शाई होप ने महज 45 गेंदों पर 102 रनों की नाबाद पारी खेली। शेरफेन रदरफोर्ड ने 37 गेंदों पर 84 रन बनाए। आखिरी में रोमारियो शेफर्ड ने 13 गेंदों पर 34 रन की पारी खेली। यह भारत के खिलाफ अब तक का सबसे बड़ा रनचेज है। जानकार मानते हैं कि अव्वल तो इस विकेट पर गेंदबाजों के लिए टर्न, बाउंस और स्विंग नहीं था और रही-सही कसर ओस ने पूरी कर दी।
इस मुकाबले में दोनों ही टीमों के गेंदबाज महज किसी बॉलिंग मशीन सरीखे बन गये।

पहले ही ओवर में विंडीज के 2 विकेट गिरे थे
गौरतलब है कि भारत द्वारा दिए गये 249 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज के 2 प्रमुख बल्लेबाजों को मयंक यादव ने पहले ही ओवर में पवेलियन भेज दिया था। लेकिन इसके बाद शे होप और रदरफोर्ड नाम का तूफान आया। कप्तान शे होप ने महज 45 गेंदों का सामना करते हुए 102 रन बनाए। उन्होंने 6 चौके और 9 छक्के लगाए। शेरफेन रदरफोर्ड ने महज 37 गेंदों पर 84 रन की पारी खेली जिसमें 7 चौके और 7 छक्के लगाए। आखिरी में रोमारियो शेफर्ड ने महज 13 गेंदों पर 3 चौके और 3 छक्कों की सहायता से ताबड़तोड़ 34 रन की पारी खेली। भारत का कोई भी गेंदबाज असरदार नहीं दिखा।
.jpeg)
काफी महंगे साबित हुए भारत के गेंदबाज
मयंक यादव ने पहले ओवर में 2 विकेट चटकाने के अलावा 12 की इकोनॉमी से रन देते हुए अपने 3 ओवर के स्पैल में 36 रन लुटाए। अर्शदीप सिंह ने 4 ओवर में 45 रन दिए। सबसे महंगे साबित हुए अक्षर पटेल ने जिन्होंने 3.3 ओवर में 63 रन लुटा दिए। शिवम दुबे के महज 2 ओवर में 30 रन बने। कुलदीप यादव को भी 4 ओवर में 53 रन पड़े, जबकि डेब्यू मैच में 3 विकेट निकालने वाले नमन धीर को 25 रन पड़े।
वेस्टइंडीज ने 9 गेंद शेष रहते हासिल किया लक्ष्य
इससे पहले टॉस गंवाकर बैटिंग करने उतरी टीम इंडिया के लिए संजू सैमसन ने 41 गेंदों पर 82 रन बनाए जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल हैं। लोकल बॉय ईशान किशन ने 22 गेंदों पर 44 रन बनाए। कप्तान श्रेयस अय्यर ने 18 गेंदों पर तेज 40 रन की पारी खेली। दिलचस्प है कि वेस्टइंडीज ने 9 गेंद बाकी रहते ही पहाड़ से दिखने वाला लक्ष्य आसानी से हासिल किया।