द फॉलोअप डेस्क
झारखंड सरकार (Jharkhand Governmnet) द्वारा राज्य में 'हृदय चिकित्सा योजना' (Heart Medical Plan ) चलाई जा रही है। योजना के तहत हृदय रोगियों की स्क्रीनिंग की जाती है। इसके बाद चयनित हृदयरोगियों की मुफ्त सर्जरी गुजरात के राजकोट और अहमदाबाद में संचालित श्री सत्य साईं हृदय अस्पताल (Sri Satya Sai Hridaya Ahmedabad) में कराया जाता है। योजना के तहत अबतक 2 स्क्रीनिंग कैंप लगाए जा चुके हैं। अगला चऱण के तहत 27 और 28 जनवरी को रिम्स (RIMS) में फ्री कैंप लगाया जाएगा। निदेशक प्रमुख स्वास्थ्य डॉ बीरेंद्र प्रसाद सिंह ने राज्य के सभी सिविल सर्जनों को इस बाबत दिशा निर्देश जारी किया है। उन्होंने सिविल सर्जनों से सभी जिलों से हृदयरोगियों को चिन्हित कर 27 और 28 जनवरी को रिम्स में आयोजित शिविर में लाने का निर्देश दिया है।

प्रशांति मेडिकल सर्विसेज एंड रिसर्च फाउंडेशन के विशेषज्ञ करेंगे मरीजों की जांच
स्वास्थ्य विभाग द्वारा योजना के तहत अगले चरण में 27 और 28 जनवरी को रिम्स में मुफ्त स्क्रीनिंग कैंप का आयोजन किया गया है। कैंप में प्रशांति मेडिकल सर्विसेज एंड रिसर्च फाउंडेशन के विशेषज्ञ चिकित्सकों के द्वारा मरीजों की जांच की जाएगी। जांच में चयनित मरीजों को गुजरात के राजकोट और अहमदाबाद में संचालित सत्य साईं हृदय अस्पताल भेजकर मुफ्त सर्जरी/ उपचार किया जाएगा।

2022 में योजना की हुई थी शुरुआत
झारखंड हृदय चिकित्सा योजना' के नोडल अफसर डॉ राघवेंद्र नारायण शर्मा ने बताया कि राज्य के हृदय रोगियों को मुफ्त उपचार उपलब्ध कराने के लिए सरकार ने अगस्त 2022 में प्रशांति मेडिकल सर्विसेज एंड रिसर्च फाउंडेशन (PMNRF) के साथ MOU किया था। जिसके बाद 2022 में 4 से 6 नवंबर तक रिम्स में स्क्रीनिंग कैंप लगाया गया। जिसमें 393 मरीजों की स्क्रीनिंग की गयी। जिसमें से ऑपरेशन के लिए चयनित 79 मरीजों की मुफ्त सर्जरी करायी जा चुकी है। उसके बाद 2023 में 13 और 14 मई को दूसरा कैंप लगाया गया। जिसमें 534 मरीजों की स्क्रीनिंग की गयी। जिसमें से 156 लोगों का चयन सर्जरी के लिए किया गया। इसमें से अब तक लगभग 75 मरीजों की मुफ्त सर्जरी करायी जा चुकी है। सभी मरीजों की सर्जरी गुजरात के राजकोट और अहमदाबाद में संचालित श्री सत्य साईं हृदय अस्पताल में की गयी है।
हमारे वाट्सअप ग्रुप से जुड़ने के लिए इस लिंक पर क्लिक करें : https://chat.whatsapp.com/FUOBMq3TVcGIFiAqwM4C9N\