logo

'रघुवर दास को भरी जवानी में आडवाणी बना दिया', गर्वनर बनाए जाने पर बंधु तिर्की का तंज

a472.jpeg

रांची:

झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास को ओडिशा का नया राज्यपाल नियुक्त किया गया है। राष्ट्रपति भवन ने बुधवार देर शाम अधिसूचना जारी की। जहां एक ओर पार्टी के लोग रघुवर दास को बधाई दे रहे हैं वहीं विपक्ष के नेता उन पर तंज कर रहे हैं। इस कड़ी में नया नाम बंधु तिर्की का जुड़ा है। बंधु तिर्की ने कहा कि बीजेपी ने रघुवर दास को भरी जवानी में आडवाणी बना दिया। 

मैं उस आदमी को क्यों बधाई दूं! 
दरअसल, झारखंड कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष बंधु तिर्की गुरुवार को प्रदेश कार्यालय में प्रेस वार्ता को संबोधित कर रहे थे। तभी उनसे किसी ने रघुवर दास को गर्वनर बनाए जाने पर प्रतिक्रिया देने को कहा। बंधु तिर्की ने कहा कि मैं रघुवर दास को क्यों बधाई दूं? उन्होंने मुझे 3 बार जेल भिजवाया। मुझे सजा दिलाई। उस आदमी को मैं बधाई नहीं दूंगा। मेरे लिए तो अच्छा हुआ। बंधु तिर्की ने कहा कि उनके लिए झारखंड में कुछ नहीं बचा था इसलिए, उनको शिफ्ट कर दिया गया। बंधु तिर्की ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी ने रघुवर दास को भरी जवानी में आडवाणी बना दिया। 



रघुवर कार्यकाल में जेल गए थे बंधु तिर्की
गौरतलब है कि रघुवर दास के कार्यकाल में बंधु तिर्की को आय से अधिक संपत्ति के केस में जेल जाना पड़ा था। इसी केस में उनकी विधानसभा की सदस्यता चली गई। बंधु तिर्की ने रघुवर दास को ओबीसी विरोधी भी बता दिया। 

रघुवर दास ओडिशा के राज्यपाल बनाए गए
बता दें कि झारखंड बीजेपी के 2 बार प्रदेश अध्यक्ष, झारखंड कैबिनेट में 4 बार मंत्री और 2014 से 2019 तक प्रदेश के मुख्यमंत्री रहे रघुवर दास को अब ओडिशा का राज्यपाल बना दिया गया है। रघुवर दास को राज्यपाल बनाए जाने को लेकर अलग-अलग प्रतिक्रियाएं सामने आ रही हैं।

विपक्ष तंज कर रहा है कि उनको झारखंड की राजनीति से दूर करने के लिए राज्यपाल बनाया गया है।