द फॉलोअप डेस्कः
झारखंड के कम से कम 12 जिलों में बारिश हुई है। लेकिन, पलामू प्रमंडल को अब तक लू से राहत नहीं मिली है। बुधवार को भी पलामू और गढ़वा में लू चलेगी। मौसम विभाग ने यह जानकारी दी है। साथ ही यह भी बताया है कि झारखंड में मानसून कब तक आ सकता है। मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया है कि मंगलवार 18 जून की रात से लेकर देर रात तक एक दर्जन जिलों में बारिश हुई है। उन्होंने कहा कि बोकारो, धनबाद, पूर्वी सिंहभूम, जामताड़ा, सरायकेला-खरसावां, रामगढ़, दुमका, गोड्डा, गुमला, गिरिडीह, हजारीबाग, लोहरदगा जिले में कहीं-कहीं गरज के साथ हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा हुई।

मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, पिछले 24 घंटे के दौरान मानसून की प्रक्रिया में तेजी आयी है। इस कारण झारखंड के पश्चिम बंगाल से सटे इलाकों में बादल छा रहे हैं। राज्य में यह तीन चरणों में प्रवेश करेगा। पहले चरण में संताल और कोल्हान के कुछ हिस्सों में इसका प्रवेश होगा। दूसरे चरण में रांची समेत झारखंड के अधिकांश जिले और तीसरे चरण में पलामू-गढ़वा समेत पूरे राज्य में आच्छादित होगा।

झारखंड में मॉनसून की एंट्री कब
राज्य में पश्चिमी हवा के साथ दक्षिण-पश्चिमी हवा का भी प्रवाह है। स्थिति अनुकूल बन रही है। अगले तीन से चार दिनों के दौरान इसके झारखंड में प्रवेश की संभावना बन रही है। राज्य में अगले दो दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से चार डिग्री की कमी आने की संभावना है। मॉनसून की प्रक्रिया में तेजी आयी है। राज्य में अगले तीन दिनों के दौरान बादल छाएंगे और कुछ स्थानों पर तेज हवा और गरज के साथ कहीं वज्रपात होने का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है।
दार्जीलिंग में अटका मानसून आगे बढ़ा

मौसम वैज्ञानिक ने मानसून का भी अपडेट दिया है। उन्होंने कहा है कि दार्जीलिंग में कुछ दिनों से मानसून अटक गया था. लेकिन, अब वह धीरे-धीरे आगे बढ़ रहा है। तीन-चार दिनों में उसके झारखंड पहुंचने का अनुमान है। उन्होंने बताया कि उत्तर-पूर्व असम में साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से बंगाल की खाड़ी से ठंडी हवाएं आ रहीं हैं। यह मानसून के आगे बढ़ने का संकेत है। इस साइक्लोनिक सर्कुलेशन के असर से गरज-चमक के साथ कई जिलों में कहीं-कहीं हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी. मानसून के अनुकूल वातावरण बन रहा है। 3-4 दिन के बाद बिहार और पश्चिम बंगाल के साथ झारखंड में भी मानसून के प्रवेश करने की उम्मीद है। उन्होंने कहा कि 19 जून से 22 जून तक झारखंड के कई जिलों में हल्के से मध्यम दर्जे की वर्षा होगी।
