बोकारो
चंदनकियारी प्रखंड के दामुडीह पंचायत की एकादशी कुमार, जिनके पति का निधन लगभग पाँच महीने पूर्व हो गया था, विधवा पेंशन की पात्र होते हुए भी अब तक योजना का लाभ नहीं पा सकी थीं। परिवार की आर्थिक स्थिति गंभीर होने के बावजूद सरकारी मदद न मिल पाना चिंता का विषय बना हुआ था। मामले को संज्ञान में लाते हुए कांग्रेस की सोशल मीडिया कोऑर्डिनेटर ब्यूटी मंडल ने इस संबंध में ट्विटर के माध्यम से बोकारो के विधायक उमाकांत राजक और बोकारो उपायुक्त से सहायता की अपील की। उन्होंने ट्वीट कर कहा कि, "24 वर्षीय एकादशी कुमार के पति की मृत्यु कम उम्र में हो जाना उनके जीवन में अत्यंत कष्टदायक है। माननीय बोकारो डीसी से विनती है कि उन्हें विधवा पेंशन एवं सरकार की अन्य योजनाओं से जोड़ने की कृपा करें।"

ब्यूटी मंडल के इस ट्वीट पर तत्परता दिखाते हुए बोकारो उपायुक्त ने भी ट्विटर पर जवाब देते हुए लिखा, "सहायक निदेशक, सामाजिक सुरक्षा एवं चंदनकियारी बीडीओ को निर्देशित किया है। जोहार।" डीसी के इस निर्देश के बाद संबंधित विभाग हरकत में आया और विधवा पेंशन भुगतान की प्रक्रिया शुरू कर दी गई। प्रशासन की त्वरित कार्रवाई और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता से एक जरूरतमंद महिला को उसका अधिकार मिल सका।
.jpg)