logo

गुमला : बिशुनपुर में जंगली हाथी का तांडव, तीन घरों  बनाया निशाना, अनाज और मिड-डे मील का चावल किया सफाचट

gumla_hathi.jpg

द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिले के बिशुनपुर प्रखंड में गुरुवार की अहले सुबह एक जंगली हाथी ने भारी उत्पात मचाया। हाथी ने पहले रांगे गांव में प्रवेश किया, जहां उसने मनजीत उरांव के घर को निशाना बनाया। लगभग सुबह 3 बजे हाथी ने सबसे पहले रसोईघर की दीवार तोड़ी, फिर घर में रखे बर्तन को नष्ट कर दिया। इसके बाद स्टोर रूम की दीवार तोड़कर घर में रखा सारा अनाज खा गया। 
मनजीत उरांव के मुताबिक, हाथी ने घर में घुसकर काफी नुकसान किया और फिर जंगल की ओर लौट गया। इसके बाद वही हाथी तुसारू कोना विद्यालय पहुंचा, जहां उसने स्कूल के रसोईघर का दरवाजा तोड़कर मिड-डे मील के लिए रखा चावल खा लिया और बाकी को बर्बाद कर दिया। सुबह जब गांव वाले जागे तो पता चला कि बेती गांव में भी हाथी ने दो और घरों – चंद्रेश उरांव और चंद्रदेव उरांव के मकानों को तोड़ दिया है और घर में रखा धान और चावल खा गया।

इस घटना को लेकर क्षेत्र में दहशत का माहौल है। फॉरेस्टर किशोर राम ने बताया कि वन विभाग की टीम लगातार हाथी पर नजर बनाए हुए है। वर्तमान में हाथी रांगे और तुसारू कोना के जंगलों में देखा गया है। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की है कि वे हाथी के पास न जाएं, न ही उसे उकसाएं या उस पर पटाखे चलाएं। घरों में शराब न रखें और हाथी से दूर रहने का प्रयास करें ताकि किसी बड़ी अनहोनी से बचा जा सके। फॉरेस्टर ने यह भी आश्वस्त किया कि जंगली हाथी द्वारा जिन फसलों और मकानों को नुकसान पहुंचाया गया है, उनकी भरपाई वन विभाग द्वारा की जाएगी।


 

Tags - latest gumla news Gumla News Updates gumla News Updates latest Gumla News Gumla News updates latest news jharkhand News updates Elephant in guimla Eleplhant in gumla gumla Elephant news Gumla Elephant news latest jharkhand News jharkhand News