logo

झारखंड में अब और गिरेगा पारा, हाड़ कंपाने वाली ठंड देगी दस्तक

thand.jpg

द फॉलोअप डेस्क
झारखंड से चक्रवात मिचौंग ने शुक्रवार को विदा ले लिया। आसमान से बादल छट गए हैं। मौसम अब साफ हो चुका है। जिससे लोगों ने राहत की सांस ली है। इसके पहले शुक्रवार की सुबह आसमान में कुछ देर के लिए धुंध रहा। उसके बाद आसमान में बादलों का आना-जाना लगा रहा। हालांकि हल्की-हल्की ठंडी हवा चलने से कपकपी बनी रही। मौसम विभाग के अनुसार पश्चिमी और उत्तर से ठंडी हवाएं आने लगी है। जिस कारण आने वाले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में चार से पांच डिग्री कमी आ सकती है। 


तीन से चार डिग्री गिरेगा न्यूनतम तापमान 
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद ने बताया कि राज्य में अब मिचौंग का असर खत्म हो चुका है। अगले चार दिनों में न्यूनतम तापमान में तीन से चार डिग्री गिरेगा। मिचौंग के कारण धनबाद, दुमका, डाल्टनगंज, बोकारो हजारीबाग आदि जिलों में भी 10 से 20 मिमी बारिश हुई।

 
बादल छंटने और धूप निकलने से पांच से सात डिग्री की वृद्धि 
विभाग के मुताबिक, राज्य में बादल छंटने और धूप निकलने से रांची समेत विभिन्न जिलों के तापमान में वृद्धि हुई है। पिछले 24 घंटों की तुलना में रांची के अधिकतम तापमान में पांच से सात डिग्री की वृद्धि हुई। जबकि, न्यूनतम तापमान में मामूली गिरावट हुई। रांची का अधिकतम 22.0 डिग्री और न्यूनतम 15.5 डिग्री सेल्सियस रहा। राज्य में पिछले 24 घंटे में सबसे अधिक बारिश गढ़वा के भवनाथपुर में 35.5 मिमी हुई। रांची में 14.7 मिमी बारिश हुई।