द फॉलोअप डेस्क
जामताड़ा थाने में इन दिनों एक बेहद ही अजीबोगरीब नजारा देखने को मिल रहा है। हाथ में पारंपरिक तीर-धनुष, पीठ पर तरकश और आंखों पर काला चश्मा लगाए एक ग्रामीण ने थाने को ही अपना नया ठिकाना बना लिया है। इस अनोखे अंदाज में दिखने वाले व्यक्ति की पहचान जामताड़ा थाना क्षेत्र के चालना निवासी विश्वनाथ टुडू के रूप में हुई है।

थाने के एक कोने में अपना डेरा जमाए बैठे विश्वनाथ टुडू का कहना है कि वह दिशोम गुरु शिबू सोरेन के पक्के समर्थक हैं। इसके अलावा उन्होंने कहा कि उन्होंने जामताड़ा विधायक को अपना कीमती वोट दिया है। अपनी इसी अधिकार और वफादारी की दुहाई देते हुए विश्वनाथ का कहना है कि अब वह कहीं नहीं जाएंगे और जामताड़ा थाने में ही रहेंगे। सिर्फ रहने ही नहीं, बल्कि उन्होंने पुलिसिया कार्रवाई में कानून व्यवस्था को बनाए रखने और पुलिस प्रशासन को सहयोग करने की भी बात कही है।
हाथ में तीर-धनुष लिए इस अतरंगी ग्रामीण के थाने में डेरा डालने से पुलिस प्रशासन असहज और हैरान है। पुलिस अधिकारी लगातार विश्वनाथ टुडू को समझा-बुझाकर उसके घर वापस भेजने के प्रयास में जुटे हुए हैं। हालांकि, वह अपनी जिद पर अड़ा हुआ है और थाने से टस से मस होने का नाम नहीं ले रहा है। यह पूरा मामला सोशल मीडिया और स्थानीय इलाके में खूब चर्चा का विषय बना हुआ है।
.jpg)