logo

धनबाद में महिला की संदिग्ध परिस्थिति में मौत, पति पर प्रताड़ित करने का आरोप; बार-बार बदल रहा बयान 

death5.jpg

द फॉलोअप डेस्क: 
धनबाद के बरवाअड्डा थाना क्षेत्र के बड़ाजमुआ गांव में सोमवार की शाम एक महिला ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतका की पहचान विक्की देवी (41) के रूप में हुई है। वह बिनोद साव की पत्नी थी। मृतका के पिता खेमचंद साव ने आरोप लगाया है कि उनकी बेटी को अकसर उनका दामाद प्रताड़ित करता था। कुछ दिन पहले बेटी को दमाद ने 3 दिन तक छुपा दिया था। पुलिस के पास शिकायत करने पर बेटी को वापस घर लाया गया था। 

मृतका के पिता ने बरवाअड्डा थाना में दामाद बिनोद साव के खिलाफ साजिश रचकर बेटी की हत्या करने की लिखित शिकायत की है। दूसरी ओर, बिनोद साव पुलिस के समक्ष बार-बार बयान बदल रहा है। उसने पहले बताया कि खाना खाकर लोहार बरवा स्थित वह अपनी मटन दुकान चला गया था। बेटा भी ट्यूशन पढ़ने चला गया था। शाम को घर पहुंचा तो घर का दरवाजा बंद था। इसके बाद सीढ़ी के सहारे छत पर चढ़कर अंदर कमरे में गया, तो देखा कि ऊपर के कमरे में पत्नी फांसी से झूल रही है। दूसरी बार कहा कि पत्नी आंगन में गिर गयी है। उसे ईलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया था। जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। 

वहीं, ग्रामीणों ने बताया कि पति-पत्नी के बीच हमेशा झगड़ा होता रहता था। सोमवार को भी दोपहर में झगड़ा हुआ था। बरवाअड्डा पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए एसएनएमएमसीएच धनबाद भेज दिया है। बरवअड्डा थाना प्रभारी ने बताया कि मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामला स्पष्ट हो पायेगा। पुलिस बिनोद साव को हिरासत में लेकर उससे पूछताछ कर रही है।

Tags - धनबाद आत्महत्या प्रताड़ित Dhanbad suicide tortured