logo

जमशेदपुर : रामलीला मैदान के पास महिला से चेन छिनतई, विरोध पर बदमाशों ने की हवाई फायरिंग

chain_jsr.jpg

जमशेदपुर
जमशेदपुर के काशीडीह स्थित रामलीला मैदान के पास सोमवार सुबह बाइक सवार दो बदमाशों ने एक महिला के गले से सोने की चेन छीन ली. घटना के बाद महिला के शोर मचाने पर स्थानीय लोग जुट गये और बदमाशों को पकड़ने का प्रयास किया. खुद को घिरता देख अपराधियों ने पिस्तौल निकाल ली और लोगों को डराने के लिए हवाई फायरिंग तक कर दी.  गोली चलने से इलाके में अफरा-तफरी मच गयी और लोग जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे. इसी दौरान दोनों बदमाश मौके से फरार हो गये.
बताया जा रहा है कि बदमाशों ने महिला को रामलीला मैदान के समीप निशाना बनाया, जहां पास में ही एक टीओपी भी मौजूद है. इसके बावजूद घटना के तुरंत बाद पुलिस के मौके पर नहीं पहुंचने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी गयी. वहीं, सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू की.
पीड़ित महिला काशीडीह स्थित क्वार्टर नंबर एल/4-6 की रहने वाली है. महिला ने पुलिस को बताया कि वह सुबह दूध लेकर घर लौट रही थी, तभी बाइक पर सवार दो युवक पहुंचे और गले से सोने की चेन झपटकर भागने लगे. स्थानीय लोगों के अनुसार, काशीडीह इलाके में हाल के दिनों में छिनतई की घटनाएं बढ़ी हैं. दो दिन पहले भी पूजा-पाठ के लिए जा रही एक महिला से चेन छीनने का प्रयास किया गया था. लगातार हो रही घटनाओं से इलाके के लोगों में दहशत और आक्रोश दोनों है. लोगों ने इलाके में पुलिस गश्ती बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है.

 

Tags - Jamshedpur chain snatching Kashidih Ramleela Maidan crime gold chain snatching jamshedpur Kashidih crime news today women safety Jamshedpur