द फॉलोअप डेस्क
महिला दिवस के मौके पर झारखंड सरकार ने महिलाओं के लिए एक बड़ा तोहफा दिया है। प्रदेश सरकार ने मंईयां सम्मान योजना के तहत एकमुश्त 7500 रुपए की राशि महिलाओं के खातों में भेज दी है। शनिवार को 10 जिलों में मंईयां सम्मान राशि ट्रांसफर की गई, जिनमें बोकारो, चतरा, धनबाद, पू. सिंहभूम, गढ़वा, गुमला, पाकुड़, सिमडेगा, जामतारा और लोहरदगा शामिल हैं। अन्य जिलों की राशि पोर्टल पर अपलोड होने के बाद जल्द ही महिलाओं के खातों में भेज दी जाएगी।
बाकियों का कब आएगा पैसा?
फिलहाल सरकार ने 10 जिलों की लाभुकों को राशि ट्रांसफर कर दी है। बाकी जिलों का डेटा रविवार को अपलोड किया जाएगा और सोमवार तक उनके खातों में पैसे ट्रांसफर हो जाएंगे। मंईयां सम्मान योजना के तहत जनवरी, फरवरी और मार्च की कुल 7500 रुपए की राशि महिला लाभुकों के खातों में भेजी जा रही है। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने इस सूचना को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर साझा किया और कहा कि झारखंड में महिला दिवस के मौके पर राज्य की सभी मंईयां के लिए पूरी 7500 रुपए की राशि उनके खातों में पहुंच रही है।
त्योहारों के मद्देनजर विशेष तोहफा
सीएम हेमंत सोरेन ने कहा कि अब महिलाएं होली, बाहा पर्व और ईद जैसे त्योहारों को अपने परिवार के साथ खुशी से मना सकेंगी। इस राशि का उपयोग वे अपनी जरूरतों और परिवार की खुशियों को बढ़ाने में कर सकती हैं। योजना के तहत प्रत्येक महिला को 2500 रुपए सम्मान राशि दी जा रही है।
मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि यह राशि महिलाओं के सम्मान और स्वाभिमान की प्रतीक है। उन्होंने उम्मीद जताई कि भाजपा शासित राज्य भी अपनी माताओं और बहनों से किए गए वादों को पूरा करेंगे और झारखंड की राह पर चलेंगे।
कुछ महिलाओं को नहीं मिली राशि
हालांकि, कुछ महिलाओं को मंईयां सम्मान योजना का लाभ नहीं मिल सका है, जिसका कारण उनके आधार का उनके खातों से लिंक न होना है। सरकार ने ऐसी लाभुकों की राशि होल्ड कर दी है और खातों को आधार से लिंक करने के बाद जल्द ही उनकी राशि भेजी जाएगी।