logo

नशे के खिलाफ जंग : इस गांव की महिलाएं गोलबंद हो पहुंचीं थाना, कहा- बंद कीजिये शराब की अवैध भट्ठियां

TATA00.jpg

जमशेदपुर    
पूर्वी सिंहभूम जिले के जादूगोड़ा थाना क्षेत्र के चतरो गांव में अवैध शराब भट्ठी से गांव के युवाओं में नशे की लत तेजी से बढ़ रही है। इससे गांव का सामाजिक माहौल बिगड़ रहा है और परिवारों में तनाव गहराता जा रहा है। सबसे ज़्यादा चिंता की बात यह है कि इस लत का असर अब किशोरों और स्कूल जाने वाले बच्चों पर भी पड़ने लगा है। गांव की महिलाओं ने अब इस बुराई के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। जेएलकेएम नेत्री भागीरथी हांसदा के नेतृत्व में 16 महिला समिति की सदस्याएं गुरुवार को जादूगोड़ा थाना पहुंचीं और थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल से मिलकर एक लिखित ज्ञापन सौंपा। उन्होंने आग्रह किया कि गांव में चल रही अवैध शराब भट्ठी को अविलंब बंद कराया जाए।
महिलाओं ने बताया कि वे पहले भी कई बार गांव स्तर पर अभियान चला चुकी हैं। जगह-जगह जनजागरूकता फैलाने की कोशिश की, लेकिन शराब माफियाओं की पकड़ इतनी मजबूत है कि उनके प्रयास असफल हो गए। अब उन्होंने प्रशासन से मदद की उम्मीद जताई है। थाना प्रभारी राजेश कुमार मंडल ने महिलाओं को भरोसा दिलाया कि पुलिस जल्द ही अवैध शराब के खिलाफ कार्रवाई करेगी और गांव में शांति और सुरक्षा बहाल की जाएगी।
यह पहल सिर्फ चतरो गांव ही नहीं, बल्कि पूरे क्षेत्र के लिए एक मिसाल है। जब महिलाएं एकजुट होकर किसी सामाजिक बुराई के खिलाफ आवाज़ उठाती हैं, तो बदलाव निश्चित होता है। अब देखना है कि प्रशासन इस आवाज़ को कितनी गंभीरता से सुनता है और कब तक ज़मीन पर असर दिखता है।

 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News Jharkhand।ive Breaking।atest