logo

विश्व आदिवासी दिवस आज, रांची के बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में मनेगा ‘झारखंड आदिवासी महोत्सव’ 

ोो्गनोेग.jpg

द फॉलोअप डेस्कः
विश्व आदिवासी दिवस पर रांची के बिरसा मुंडा स्मृति पार्क में झारखंड की संस्कृति का सबसे बड़े महोत्सव ‘झारखंड आदिवासी महोत्सव’ का शुक्रवार को आगाज होगा। महोत्सव का उद्घाटन झारखंड के राज्यपाल संतोष गंगवार करेंगे। वह कार्यक्रम के मुख्य अतिथि हैं। वहीं राज्य समन्वय समिति के अध्यक्ष और राज्यसभा सांसद शिबू सोरेन इस महोत्सव के विशिष्ट अतिथि होंगे। मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे। इस दो दिवसीय आयोजन की तैयारी पूरी हो चुकी है। महोत्सव में झारखंड समेत अन्य राज्यों के कलाकार सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति देंगे। 


दूसरे राज्यों के कलाकार देंगे प्रस्तुति
उद्घाटन सत्र का आगाज सांस्कृतिक कार्यक्रम से होगा। महोत्सव में कला-शिल्प प्रदर्शनी, रीझ-रंग शोभा यात्रा, आदिवासी व्यंजन प्रतियोगिता, आदिवासी पुस्तक मेला, आदिवासी कवि सम्मेलन, वृत्तचित्र स्क्रीनिंग, झारखंड की चित्रकला शैलियां, फैशन शो, लेजर शो सहित आदिवासी खेल गतिविधियां होंगी। झारखंड आदिवासी महोत्सव 2024 में मिजोरम, ओडिशा, उत्तर प्रदेश, असम, महाराष्ट्र, त्रिपुरा, छत्तीसगढ़ व अन्य राज्यों से कलाकारों की प्रस्तुति होगी। मंच के पीछे झारखंड में आदिवासियों के ग्रामीण दर्शन को उकेरा गया है। झारखंड एवं अन्य राज्यों से आये चित्रकार, चित्रकला के माध्यम से झारखंड की आदिवासी संस्कृति और सभ्यता को कैनवास पर उकेर रहे हैं। 


एलईडी स्क्रीन, गुणवत्तापूर्ण साउंड सिस्टम और वाटरप्रूफ पंडाल
आमजनों की सुरक्षा के विशेष इंतजाम किए गए हैं। कार्यक्रम स्थल पर एलईडी स्क्रीन एवं गुणवत्तापूर्ण साउंड सिस्टम की व्यवस्था की गई है। मुख्य मंच की सजावट, अन्य साज-सज्जा, आगंतुकों के आने-जाने एवं उनके बैठने की व्यवस्था, फूड सेंटर, सुरक्षा व्यवस्था की तैयारी पूरी हो चुकी है। बारिश की संभावना को देखते हुए पूरा पंडाल वाटरप्रूफ बनाया गया है। आगंतुक, आमजनों, एवं मीडिया के प्रतिनिधियों की सुविधा के लिए मैप के माध्यम से कार्यक्रम स्थल को दर्शाया गया है, ताकि लोगों को कोई असुविधा ना हो। अतिथियों के इंट्री और एग्जिट प्वाइंट भी मैप के माध्यम से दिखाए गए हैं।