logo

झारखंड में 16-18 मार्च तक होगी बारिश, वज्रपात की भी चेतावनी; येलो अलर्ट जारी

a1712.jpeg

द फॉलोअप डेस्क, रांची:

झारखंड में 16 से लेकर 18 मार्च तक बारिश होगी। मौसम विभाग ने वज्रपात की भी चेतावनी दी है। इसे लेकर येलो अलर्ट जारी किया गया है। मौसम विज्ञान केंद्र, रांची ने लोगों को सलाह दी है कि वे 16-18 मार्च के बीच जितना संभव हो सकता है, अपने-अपने घरों में ही रहें। मौसम विभाग ने कहा कि 16 मार्च से फिर मौसम का मिजाज बदलेगा। इस दौरान झारखंड की राजधानी रांची सहित कई अन्य जिलों में बारिश के साथ-साथ वज्रपात भी होगा। इसके बाद मौसम स्थिर हो सकता है।

इन जिलों में होगी हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश
मौसम विज्ञान केंद्र (रांची) के पूर्वानुमान के मुताबिक रांची, रामगढ़, हजारीबाग, गुमला, खूंटी, बोकारो, पूर्वी सिंहभूम, पश्चिमी सिंहभूम, सरायकेला-खरसावां और सिमडेगा में हल्के से मध्यम दर्जे की बारिश होगी। इस दौरान तापमान में तकरीबन 5 डिग्री तक की गिरावट आयेगी। मौसम विभाग ने कहा है कि 20 मार्च को भी बारिश हो सकती है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि राज्य के दक्षिणी हिस्से में 15 मार्च को भी बादल छायेंगे। 

झारखंड में गर्मियों ने दे दी है दस्तक
गौरतलब है कि झारखंड में अब गर्मियों ने दस्तक दी है। अधिकतम तापमान 33 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच रहा है। वहीं, शाम को तापमान 20 डिग्री सेल्सियस तक होता है। मौसम में उतार-चढ़ाव की वजह से लोग बीमार भी पड़ रहे हैं। अस्पतालों में बुखार, बदन दर्द और सर्दी-खांसी की शिकायत वाले मरीजों की संख्या बढ़ गई है। चिकित्सकों ने मौसम में खयाल रखने की सलाह दी है।