रांची
नामकुम थाना क्षेत्र के हाई टेंशन ग्राउंड के पास वाहन जांच के दौरान पुलिस ने चोरी की एक पल्सर 220 मोटरसाइकिल के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान सुजल केरकेट्टा (उम्र 19 वर्ष), पिता संजय केरकेट्टा, निवासी चेतन टोली, थाना अरगोड़ा, जिला रांची के रूप में हुई है।
पुलिस ने बताया कि आरोपी को सोमवार की रात गश्ती के दौरान संदिग्ध परिस्थिति में रोका गया। वाहन जांच में पता चला कि बाइक चोरी की है। इस संबंध में नामकुम थाना कांड संख्या 287/25, दिनांक 29/10/2025, धारा 317(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया है।

बाइक का सत्यापन करने पर यह पुष्टि हुई कि बरामद पल्सर 220 मोटरसाइकिल चुटिया थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। चोरी की इस बाइक को लेकर चुटिया थाना में पहले से ही कांड संख्या 242/25 दर्ज है। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी के इस नेटवर्क में और कौन-कौन शामिल हैं।
