logo

दीपावली की रात जुए के दौरान युवक की गोली मारकर हत्या, गांव में फैली दहशत

FIRING1815.jpg

रांची 

रांची के बेड़ो थाना क्षेत्र अंतर्गत मुडामु गांव में दीपावली की रात एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय सोमा उरांव के रूप में हुई है, जो गांव में अपने दोस्तों के साथ जुआ खेल रहा था। बताया जा रहा है कि रात करीब दो बजे एक अज्ञात युवक वहां पहुंचा, जिसके दोनों हाथों में पिस्टल थी। उसने बिना कुछ बोले सीधे सोमा के पास जाकर उसे गोली मार दी। गोली लगते ही सोमा जमीन पर गिर पड़ा और मौके पर ही उसकी मौत हो गई। वारदात के बाद हमलावर मौके से फरार हो गया, जबकि वहां मौजूद अन्य लोग दहशत में इधर-उधर भाग गए।.

 हाल ही में जेल से छूटा था मृतक, पुलिस कर रही जांच
घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी अशोक कुमार राम, सर्किल इंस्पेक्टर उत्तम कुमार उपाध्याय और बेड़ो थानेदार सुजीत कुमार उरांव मौके पर पहुंचे। एफएसएल की टीम को भी जांच के लिए बुलाया गया। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए रिम्स भेजा गया है। पुलिस के अनुसार सोमा उरांव का भी आपराधिक इतिहास रहा है। वह पूर्व में हत्या के एक मामले में दो बार जेल जा चुका था और लगभग एक साल पहले ही रिहा हुआ था।
सर्किल इंस्पेक्टर ने बताया कि हत्या की वजह की गहराई से जांच की जा रही है। परिजनों और ग्रामीणों से पूछताछ की जा रही है ताकि हमलावर की पहचान हो सके। कुछ लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है, साथ ही यह भी देखा जा रहा है कि कहीं हत्या के पीछे कोई पुराना विवाद या बदला तो नहीं।
घटना के बाद पूरे गांव में भय का माहौल है। ग्रामीणों ने सुरक्षा बढ़ाने और अपराधियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग की है। पुलिस ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और दावा किया है कि जल्द ही इस मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।


 

Tags - Jharkhand News News Jharkhand Jharkhand।atest News News