logo

जमीन विवाद और अवैध संबंधों के विरोध पर रिश्तों का खून, भैया-भाभी ने युवक को मार डाला

a740.jpg

चतरा:

चतरा जिले के हंटरगंज प्रखंड अंतर्गत तेलहेत पंचायत के सेलवार गांव में 35 वर्षीय युवक की सगे भाई-भाई ने  गला घोंटकर हत्या कर दी। आरंभिक जांच में घरेलु विवाद और अवैध संबंध की वजह से हत्या की बात सामने आई है। हत्या का आरोप मृतक के बड़े भाई कामदेव यादव और भाभी बिंदु देवी पर लगा है। मृतक देवचरण यादव की पत्नी रंजू यादव ने पुलिस के सामने कई खुलासे किए हैं। उन्होंने बताया कि घर में दीवार बनाने को लेकर शनिवार की रात को जेठ कामदेव यादव और पति शिवचरण यादव के बीच जमकर विवाद हुआ था। मारपीट की बात भी सामने आई है।

तड़के गला घोंटकर मारने का लगाया आरोप
रंजू का दावा है कि दोनों भाइयों के बीच मारपीट में उनके पति के साथ किसी प्रकार की अनहोनी ना हो जाए, इसलिए वह  पूरी रात जाकर पति की निगरानी करती रहीं। सुबह  करीब 4 बजे वह रोज की तरह महुआ का फल चुनने जंगल चली गई। रंजू का दावा है कि लौटीं तो देखा कि उनका जेठ कामदेव और जेठानी बिंदु देवी उनके कमरे से निकल रहे हैं। रंजू का कहना है कि दरवाजे पर उनका बेटा विकास और प्रियंका बैठे थे। रंजू का आरोप है कि जब वह कमरे में पहुंची तो पति को मृत अवस्था में पाया। देवचरण यादव के गले  में गहरे निशान थे। 

मृतक की पत्नी ने अवैध संबंध का दावा किया
मृतक देवचरण यादव की पत्नी रंजू ने दावा किया कि जेठ कामदेव और बड़ी भाभी बिंदु देवी के बीच  अवैध संबंध भी था। देवचरण इस रिश्ते  को अनैतिक बताकर इसका विरोध करता था। उसने कई बार समाज में जग हंसाई का हवाला देकर भाई और बड़ी भाभी को सुधरने की नसीहत दी थी, लेकिन वे नहीं माने। रंजू का कहना है कि जमीन विवाद के बीच भाई और भाभी को अवैध संबंधों का विरोध रास नहीं आया और इसलिए उन्होंने देवचरण की हत्या कर दी। बताया जाता है कि देवचरण सिरसा में रहकर मजदूरी करता था और पिछले महीने ही घर लौटा था। देवचरण  की मौत से पत्नी रंजू अकेली रह गई, जबकि 2 बच्चे भी अनाथ हो गए। 

रांची से छानबीन के लिए जाएगी फॉरेंसिक टीम
वारदात की सूचना पाकर हंटरगंज सब-इंस्पेक्टर भोला साव दलबल के साथ सेलवार गांव पहुंचे और घटनास्थल का बारीकी से मुआयना किया। देवचरण यादव के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। रांची से फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया है। पुलिस विभिन्न एंगल से मामले की जांच में जुटी है। फिलहाल, कामदेव यादव, बिंदु देवी, मृतक के भतीजे  विकास और भतीजी प्रियंका को भी हिरासत में लिया गया है। 

Tags - JharkhandChatraIllicit RelationshipMurderKilling