द फॉलोअप डेस्क
गुमला जिला में आज भरनो प्रखंड मुख्यालय परिसर में अंचल दिवस कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता उपायुक्त प्रेरणा दीक्षित ने की, जिनके नेतृत्व में नागरिकों की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया। इस दौरान अपर समाहर्ता, अनुमंडल पदाधिकारी, भूमि सुधार उपसमाहर्ता, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचल अधिकारी और अन्य विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
उपायुक्त ने नागरिकों से सीधे संवाद स्थापित कर उनकी शिकायतों और आवश्यकताओं को सुना और संबंधित विभागों को यथाशीघ्र निस्तारण के निर्देश दिए। कार्यक्रम में कुल 119 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से 81 आवेदनों का मौके पर समाधान किया गया। शेष आवेदनों में से 3 को प्राथमिकता के आधार पर विस्तृत जांच के लिए निर्देशित किया गया। उपायुक्त ने बताया कि जन शिकायत दिवस के दौरान प्राप्त 12 आवेदनों में से 9 का तुरंत निपटारा किया गया, जबकि 3 आवेदनों की जांच का आदेश दिया गया। भूमि सत्यापन से संबंधित 4 आवेदनों का भी समाधान किया गया। आय, जाति और आवासीय प्रमाण-पत्र के 66 आवेदनों का त्वरित निष्पादन किया गया। इसके अलावा, कृषि ऋण से संबंधित 2 आवेदनों का भी निपटारा किया गया।
उपायुक्त ने संबोधन में कहा कि अंचल दिवस का मुख्य उद्देश्य नागरिकों को उनके प्रखंड स्तर पर त्वरित और पारदर्शी सेवा प्रदान करना है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि वे अंचल सम्बंधित समस्याओं के समाधान के लिए पहले अंचल अधिकारी से मिलें, और अगर समस्या हल न हो तो उपायुक्त के जन शिकायत निवारण दिवस में आएं। उन्होंने कहा कि प्रशासन यह सुनिश्चित करेगा कि जिन आवेदनों का समाधान किया गया है, उन लाभुकों से पुष्टि ली जाए कि समाधान संतोषजनक है या नहीं। अंचल दिवस कार्यक्रम जिले में नागरिक कल्याण, त्वरित समाधान और सुशासन के प्रति जिला प्रशासन के संकल्प का प्रतीक बन चुका है। अगला अंचल दिवस 11 अक्टूबर 2025 को बसिया प्रखंड में आयोजित किया जाएगा, जहां नागरिकों से अपने अंचल संबंधित समस्याओं के समाधान के लिए कार्यक्रम में भाग लेने की अपील की गई है।
