logo

मैनेजर ने ही बैंक को लगाया चूना, पत्नी और मां के खाते में ट्रांसफर कर लिए 28 करोड़

south_indian_bank.jpg

द फॉलोअप डेस्क
उत्तर प्रदेश के नोएडा से एक बैंक के साथ बड़ी धोखाधड़ी का मामला सामने आया है। यहां बैंक में काम करने वाले मैनेजर ने ही अपने बैंक को 28 करोड़ का चूना लगा दिया। मैनेजर का नाम राहुल शर्मा है। राहुल ने कंपनी के 28 करोड़ रुपये से ज्‍यादा की रकम अपनी पत्नी और मां के खाते में ट्रांसफर क‍िए है। इस संदर्भ में पुलिस के हाथ कई जानकारी भी लगी है। हालांकि अभी तक मैनेजर पुलिस के गिरफ्त से बाहर है। उसकी तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। 


पत्नी और मां के खाते में डाले पैसे
मामला नोएडा सेक्टर-48 स्थित साउथ इंडियन बैंक का है। मिली जानकारी के अनुसार बैंक के सहायक प्रबंधक के पद पर राहुल शर्मा तैनात थे। राहुल ने 28 करोड़ 7 लाख रुपए कुछ दिन पहले पत्नी भूमिका शर्मा और मां सीमा समेत अन्य के खातों में भेजा था। इसके बाद पूरे परिवार को लेकर वह फरार हो गया। मामले को लेकर बैंक के डीजीएम रणजीत आर. नायक ने सहायक प्रबंधक,उसकी मां और पत्नी समेत एक अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। नायक ने शिकायत में कहा कि उन्हें पिछले कुछ दिनों से सेक्टर-22 स्थित शाखा से गड़बड़ी की शिकायत मिल रही थी, जिसके बाद विभाग ने अपनी सतर्कता टीम से यहां की जांच कराई। जांच में पता चला कि सेक्टर-48 स्थित एसोसिएट इलेक्ट्रानिक्स रिसर्च फाउंडेशन नामक कंपनी के खाते से सहायक बैंक प्रबंधक राहुल शर्मा ने 28 करोड़ 7 लाख रुपये पत्नी भूमिका शर्मा और मां सीमा समेत अन्य के खातों में भेजकर कंपनी व बैंक के साथ धोखाधड़ी की है। 


मां और पत्‍नी के संग फरार है राहुल
कंपनी की तरफ से तीन बार मेल करके श‍िकायत भी दर्ज कराई गई थी क‍ि ब‍िना उनकी मंजूरी के पैसों को उनके खातों से ट्रांसफर क‍िया जा रहा है। बताया जा रहा है क‍ि आरोपी बैंक मैनेजर हर‍ियाणा के रोहतक का रहने वाला है और इस वारदात के बाद से वह अपनी मां और पत्‍नी के संग फरार है।