logo

UP : शादी की रस्म निभाते हुए कुएं में गिरने से 13 महिलाओं की मौत, पीएम-सीएम ने जताया दुख

kushinagar.jpg

कुशीनगर: 

यूपी के कुशीनगर से एक दुखद घटना सामने आई है। यहां शादी में मांगलिक कार्य के दौरान एक हादसा हुआ जिसमें 13 महिलाओं की मौत हो गई। दर्जन भर महिलाएं घायल भी हैं। मिली जानकारी के मुताबिक शादी में हल्दी की रस्म निभाई जा रही थी। इसी दौरान महिलाएं मंगल गीत गाती हुईं मटकोड़ के लिए कुएं के पास गई। इस दौरान कुएं में लगा जाली का स्लैब टूट गया। 25 से ज्यादा महिलाएं और लड़कियां गहरे कुएं में जा गिरीं। कुछ बच्चे भी हादसे का शिकार हो गये। 

स्थानीय लोगों ने क्या बताया
हादसे के बाद अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने अपने स्तर से राहत और बचाव का काम शुरू किया। घटना की सूचचना नौरंगिया थाना को दी गई। पुलिस टीम ने पहुंचकर राहत और बचाव काम शुरू किया। स्थानीय लोगों का आरोप है कि हादसे की सूचना दिए जाने के डेढ़ घंटे बाद भी एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची जिसकी वजह से हताहतों की संख्या बढ़ी। पुलिस ने गांव वालों की सहायता से कुएं में गिरी महिलाओं को निकाला और अस्पताल पहुंचाया। 

आला अधिकारियों ने लिया जायजा
मिली जानकारी के मुताबिक घटना की सूचना मिलते ही कुछ देर में जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक सहित तमाम पदाधिकारी दल-बल के साथ पहुंचे और जायजा लिया। घायलों को अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। अधिकारियों ने बताया कि 15 महिलाओं को बचाया गया है। उन सबको अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। 

मृतकों के आश्रितों को मिला मुआवजा
कुशीनगर में एक विवाह समारोह में हुई इस घटना पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री मोदी ने दुख व्यक्त किया है। मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि राहत और बचाव कार्य में किसी भी प्रकार की कोताही ना बरती जाये। पीएम ने ट्वीट किया कुशीनगर से दिल दहला देने वाली सूचना मिली। मृतकों के परिवार के प्रति मेरी गहरी संवेदना है।